- गन्ना भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर गरजे कार्यकर्ता, सुबह 10 बजे हुए एकत्र
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर कलक्ट्रेट में बकाया गन्ना भुगतान और अन्य समस्याओं को लेकर धरना दिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी दिया गया। सुबह करीब 10 बजे एकत्र होकर कलक्ट्रेट पहुंचे भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू किया। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि पिछले साल तक का बकाया गन्ना भुगतान अभी तक नहीं हुआ है।
जबकि वादे और दावे 14 दिन में गन्ने का भुगतान कराने के थे। मांग की गई कि किसानों पर पराली जलाने के मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जिन पर रोक लगाई जाए। नए सत्र के लिए गन्ने का मूल्य कम से कम 450 रुपये कुंतल तुरंत घोषित किया जाए। अत्यधिक वर्षा होने से किसानों की फसल नष्ट हुई है उनको मुआवजा दिया जाए। नलकूप कनेक्शन पर मीटर न लगाई जाए। किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कोई प्रतिबंध न लगाया जाए।
कृषि यंत्रों को प्रदूषण कानून के दायरे से मुक्त किया जाए। इसके अलावा मांग की गई कि किसानों के साथ किए गए सिंचाई की बिजली के मुफ्त वादे को पूरा किया जाए, और जो किसानों की बिजली समस्याएं हैं उन्हें पूर्णत: हल किया जाए। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर 10 हजार रुपये के जुर्माने संबंधी आदेश निरस्त किया जाए। जीएम सरसों पर देश/प्रदेश में पूर्णत: प्रतिबन्धित किया जाए।
रबी की बुआई से पहले किसानों को बीज व उर्वरक लेने में अनेकों दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है, बीज व उर्वरक की सभी केन्द्रों पर उचित व्यवस्था की जाए। पशुओं में आए लम्पी वायरस से प्रदेश के पशुपालकों को व किसानों को उनके गौवंश के मर जाने से भारी क्षति हुई है, और इसका असर प्रदेश के दुग्ध उत्पादन पर भी पड़ा है। अत: इसके सर्वे कराकर जिन किसानों के पशु लम्पी वायरस में मर गए, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।
इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार करनावल, अशफाक प्रधान जैनपुर जिला उपाध्यक्ष मनोज त्यागी, एनसीआर महासचिव मिंटू दौराला, रोहित चौधरी, गौरव सिंह, सतबीर सिंह, मोनू ढिंढाला, महबूब सोलाना, अनुराग, आकाश सिरोही, धीर सिंह, गांधीजी लावड़, जगसोरन मास्टर, अमित जाखड़, प्रशांत सकोती, देशपाल, डॉ. विकास, उपेंद्र प्रधान भराला, युवा जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी आदि मौजूद रहे।

