- शेरगढ़ी स्थित डा. अंबेडकर पार्क में आयोजित किया गया कार्यक्रम
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शेरगढ़ी स्थित डॉ. अंबेडकर पार्क में संविधान दिवस के अवसर पर एक विचार गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि मेयर सुनीता वर्मा और मुख्य वक्ता पूर्व विधायक योगेश वर्मा रहे। उन्होंने कहा कि किसी ने संविधान के साथ छेड़छाड़ की तो इसकी रक्षा के लिए जान की बाजी लगा देंगे। वे अपने समाज के लिए पूरा जीवन दांव पर लगा देंगे।
गोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता पूर्व विधायक हस्तिनापुर योगेश वर्मा ने दलित समाज से राजनीतिक मतभेद दूर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने संविधान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में भी समाज के लोगों को अपनी एकजुटता का प्रमाण देना होगा।

उन्होंने चेताया कि कुछ दल चुनाव के समय भीम का नारा लगाते हैं, जबकि इस समाज को बांटने की साजिश रचते रहते हैं। पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने अपना जीवन समाज के लिए समर्पित करने की बात कहते हुए कहा कि वे जिस राजनीतिक दल से जुड़े हैं, अगर उस दल ने भी दलित समाज के खिलाफ कोई नीति बनाई, तो वे पार्टी छोड़कर अपने समाज के बीच आकर बैठ जाएंगे।
मेरठ की महापौर सुनीता वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप सभी से संविधान के अनुरूप आचरण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह बाबा साहब के संविधान में दिए गए अधिकार से ही संभव हुआ कि वे मेरठ की मेयर बन सकी हैं। इस कार्यक्रम के संयोजक प्रमोद शेरगढ़ी रहे। अध्यक्षता जेपीएस वर्मा और संचालन ब्रह्म सिंह एडवोकेट ने किया। मुख्य रूप से कर्मवीर सिंह, सुमित जाटव, अनुज भूरा, मनोज कुमार, मोहित अरोड़ा, अग्नि शरद आदि ने विचार व्यक्त किए।

