- शान्ति व्यवस्था बनाए रखने को तीसरे दिन भी फ्लैग मार्च
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन द्वारा आगामी दो नवंबर से जेल भरो आंदोलन को सोशल मीडिया पर जहां समर्थन मिल रहा है, वहीं कुछ नेता भी समर्थन देने के लिए आगे आए हैं। दूसरी ओर, दूसरे दिन भी नगर में सीओ कैराना के नेतृत्व में पीएसी व पुलिस के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला।
गुरुवार को कैराना से समाजवादी पार्टी के विधायक चौधरी नाहिद हसन कैराना कोतवाली में पहुंचे थे। विधायक नाहिद हसन ने हंगामा करते हुए कोतवाली प्रभगारी प्रेमवीर राणा पर निर्दोष लोगों को जेल भेजने तथा छोड़ने की एवज में रिश्वतखोरी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
सपा विधायक व कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी। वहीं शाम को सपा विधायक ने पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ आगामी दो नवंबर को जेल भरो आंदोलन की चेतावनी दी थी। जिसको देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
शनिवार को नगर के चौक बाजार, मेंढकी दरवाजा, मोहल्ला बिसातियान, खुरगान रोड, घोस्साचुंगी, कांधला तिराहा व पानीपत खटीमा राजमार्ग पर सीओ जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। इसके अलावा पुलिस द्वारा ई रिक्शा से अनाउंसमेंट कराकर आगामी त्योहारों का हवाला देकर बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आगामी त्यौहारो को देखते हुए नगर में धारा 144 लगा दी गई है। एक स्थान पर पांच से अधिक लोग इकट्ठे न हों।

दूसरी ओर, पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ सपा विधायक नाहिद हसन के जेल भरो आंदोलन को सोशल मीडिया के अलावा नेताओं व कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है। सहारनपुर के सपा नेता पूर्व एमएलसी उमर अली खां ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर सपा विधायक नाहिद हसन को अपना पूर्ण समर्थन देने की बात कही है।
साथ ही, आरोप लगाए कि पुलिस नाहिद हसन का उत्पीड़न कर रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर जेल जाना पड़ा तो उसमें भी पीछे नहीं रहेंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर खतौली के मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने वीडियो वायरल कर सपा विधायक नाहिद हसन को समर्थन का ऐलान किया है।
सपा बर्दाश्त नहीं करेगी विधायक का उत्पीड़न
शहर के सलेक चंद बिहार स्थित सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव पूर्व सभासद महबूब राणा के आवास पर एक मीटिंग हुई। जिसमें कैराना कोतवाल परमवीर राणा द्वारा सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की निंदा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि विधायक नाहिद हसन दबे कुचले गरीब लोगों की आवाज उठाने का काम करते हैं। जबकि सरकार चाहती है कि कोई भी गरीब लोगों की आवाज ना उठाएं इसलिए विधायक पर झूठे मुकदमे लगाकर विधायक को दबाने का डराने का और टॉर्चर करने का कार्य किया जा रहा है, जो बिल्कुल ना काबिले बर्दाश्त है।
इसे समाजवादी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। सपा विधायक को गलत तरीके से साजिश के तहत मुकदमों में फंसाकर पूर्व में भी यह सरकार जेल भेजने का काम कर चुकी है जो बिल्कुल गलत था। अबकी बार अगर ऐसा हुआ तो सभी समाज के लोग विधायक नाहिद हसन के साथ जेल जाने का काम करेंगे।
सपा विधायक नाहिद हसन के साथ खड़ी। मीटिंग में जमीयत उलेमा ए हिंद के जिलाध्यक्ष मौलाना साजिद कासमी, दिलशाद सैफी एडवोकेट, हाजी खालिद सभासद, गुलजार मंसूरी सभासद, समीर मिर्जा, वकील अहमद, अनीश ठेकेदार, हाजी शकील, शमसुद्दीन सैफी, उस्मान, दानिश, दिलशाद, अमित, रवि शर्मा, अभिषेक, नीरज पंडित, साबिर, हाजी अखलाक, दाऊ द मास्टर आदि उपस्थित रहे।

