- भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय सचिव ने साधा भाकियू पर निशाना
जनवाणी संवाददातास |
कैराना: रविवार को कैराना में मोहल्ला आलखुर्द में स्थित बारातघर में भाकियू (अराजनैतिक) संगठन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय सचिव जावेद तोमर पहुंचे। उन्होंने संबोधन के दौरान कहा कि पूर्व में वह स्वयं भारतीय किसान यूनियन से जुड़े थे। बड़े टिकैत किसान मसीहा था, जिन्होंने कभी अपने बेटे के लिए भी वोट नहीं मांगें।
आरोप है कि अब किसानों की लड़ाई के चक्कर में अब दूसरे दलों के लिए वोट मांगें गए। भाकियू में जमीन-आसमान का अंतर आ गया है। अब भारतीय किसान यूनियन की गतिविधियां राजनीतिक हो गई हैं। कभी मशीनों का पहरा देने की बात की जाती है, तो कभी मत प्रतिशत बढ़ाने की। आरोप है कि भाकियू एक दल के रूपमें और किसी नेता के संरक्षण में काम लक्ष्य से भटक गई है।
इसीलिए, वह भाकियू अराजनैतिक संगठन से जुड़े हैं। उनका यह संगठन अराजनैतिक रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि वह किसान, मजदूर और व्यापारियों के हितों की लड़ाई सदैव मजबूती के साथ लडेंगे। उन्होंने कहा कि अनुशासित युवा शक्ति देश को नई दिशा दे सकती है।
युवा देश की रीढ़ है। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने, शिक्षित बनाने तथा संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही, यह भी कहा कि वाट्सऐप का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी के रूप में हो रहा है। अनावश्यक वाट्सऐप के इस्तेमाल से बचना होगा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सचिव जावेद तोमर ने चौधरी असजद को ब्लॉक अध्यक्ष व शारिक हसन को तहसील अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
इस दौरान मेहरबान एडवोकेट, वाजिद हसन, साबिर हसन, अफसर, बिलाल, अमजद, शोयब, आरिश, वाजिद ठेकेदार, चौधरी हारून, इसरान, हाजी मुस्तकीम, चौधरी मारूफ व असलम एडवोकेट आदि मौजूद रहे।

