
भारतीय जनता पार्टी अगामी लोकसभा चुनावों के दृष्टिगत साम्प्रदायिक आधार पर मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने के लिये प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से अभियान चला ही रही थी कि अब विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के खुल कर जातीय गणना के पक्ष में खड़े हो जाने से साफ हो गया कि 2024 का लोकसभा चुनाव कमंडल बनाम मंडल के मुख्य मुद्दे को लेकर लड़ा जाना है। देश में मतदाताओं का साम्प्रदायीकरण इस हद तक हो गया है कि भाजपा के हिन्दू वोट बैंक को तोड़ने के लिये विपक्ष को पिछड़ी और अन्य पिछड़ी जातियों का दांव चलना पड़ रहा है। वैसे भी चाहे आर्थिक क्षेत्र की नाकामी हो या बेरोजगारी और महंगाई की समस्या हो विपक्ष के हर हथियार को भाजपा हिन्दुत्व और राष्ट्रवाद के नाम पर बेअसर करती जा रही है।