जनवाणी ब्यूरो |
देहरादून: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वे बाबा केदार और बदरी विशाल के दर्शन करेंगे। इसके लिए वे केदारनाथ धाम पहुंच गए हैं। उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी मौजूद हैं। उन्होंने केदारनाथ धाम के सौंदर्य को निहारने के साथ ही यहां चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के जौलीग्रांट पहुंचने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और वहां मौजूद अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। इसके बाद वे बाबा केदार के दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर से धाम के लिए रवाना हुए। धाम पहुंचने पर उन्होंने वहां की सुंदरता को निहारा।
आपको बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ और त्रिवेंद्र सिंह रावत यहीं रात्रि विश्राम करेंगे।16 नवंबर को वे सुबह सात बजे बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे। योगी आदित्यनाथ वहां उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बनाए जा रहे विश्राम गृह के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोनों मुख्यमंत्री जौलीग्रांट एयरपोर्ट आएंगे। वहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
जानकारी के लिए बता दें कि आज जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचे तो यहां पर उनका मुख्यमंत्री उत्तराखंड त्रिवेंद्र सिंह रावत,शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।

