- 200 सीसीटीवी, पांच ड्रोन और 360 डिग्री डूम पीटीजेड से रखी जायेगी निगरानी
- कंट्रोल रूम से सीधे कर सकेंगे संवाद, मंदिर परिसर में हाईटेक कंट्रोल रूम बनाया
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शिवरात्रि पर्व पर जलाभिषेक को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा प्लॉन तैयार किया है। शहर के संवेदनशील स्थानों पर कई लाउडस्पीकर लगाये गये हैं। जिन्हें औघड़नाथ मंदिर में बने हाईटेक कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। अगर ऐसे किसी भी स्थान पर जहां लाउडस्पीकर लगे हैं। वहां कोई आपात स्थिति या कानून व्यवस्था बिगड़ती दिखाई देती है तो अधिकारी तत्काल कंट्रोल रूम से क्लिक करके सेकं ड में वहां सीधे संवाद कर स्थिति पर काबू पा सकते हैं।
यह हाईटेक व्यवस्था पहली बार प्रदेश में मेरठ जिले में शुरू की गई है। शुक्रवार को सदर क्षेत्र के औघड़नाथ मंदिर में जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और डेन गैलेक्सी के निदेशक रोमी शिवा ने हाईटेक कंट्रोल रूम इस व्यवस्था का शुभारंभ कर किया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि मंदिर में स्थापित कंट्रोल रूम में लगी एलईडी के माध्यम से शहर से देहात तक हर गतिविधि पर नजर रखी जायेगी।

इसके लिए 200 सीसीटीवी कैमरों को लगाकर शहर देहात पर पैनी नजर रखी जा सकेगी। इसके अलावा शिवरात्रि पर सुरक्षा की दृष्टि से पांच ड्रोन से सिवाया टोल प्लाजा, पल्लवपुरम फ्लाईओवर, बेगमपुल चौराहा, बागपत अड्डा, हापुड़ अड्डा चौराहा से लेकर 25 किमी तक निगरानी होगी।
ड्रोन की लाइव फुटेज पुलिस कंट्रोल रूम, एसएसपी आॅफिस, आबूलेन पुलिस चौकी पर बने कंट्रोल रूम व मंदिर में बने हाईटेक कंट्रोल रूम सहित पुलिस अधिकारियों के आईपेड पर लाइव रहेगी। एसएसपी ने जानकारी दी कि सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में 24 सीसीटीवी कैमरे और एक 360 डिग्री डूम पीटी जेड कैमरा लगाकर हर गतिविधि पर नजर रखी जायेगी। डूम पीटी जेड कैमरा पल्लवपुरम पर इंस्टॉल किया गया है।
डूम पीटी जेड कैमरे की खासियत
डेन गैलेक्सी के निदेशक रोमी शिवा ने बताया कि इस कै मरे की विशेषता यह है कि किसी भी व्यक्ति के पास छोटी से छोटी वस्तु को भी ये डिटेक्ट कर लेगा। अत्याधुनिक तकनीकी से लैस हाईटेक कंट्रोल रूम और पहली बार पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाये जाने पर डीएम और एसएसपी ने डेन गैलेक्सी के निदेशक रोमी शिवा की इस तकनीकी कार्य के लिए प्रशंसा की।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम कैमरे यहां रहेगी नजर
बेगमपुल, टैंक चौराहा, कंकरखेड़ा पुलिस चौकी, पल्लवपुरम, मेट्रो प्लॉजा, हापुड़ अड्डा से लेकर एल ब्लॉक पुलिस चौकी आदि।

