जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर शनिवार को मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक 68.24% वोटिंग हुई। रात 11 बजे तक मतदान का आंकड़ा 73 फीसदी से पार चला गया था। अभी अंतिम आंकड़ा आना शेष है। राजस्थान विधानसभा चुनाव में रात 11 बजे तक मतदान का आंकड़ा 73.28 फीसदी है। वोट का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। अब यह तय हो गया है कि इस बार का मतदान प्रतिशत पिछले कई चुनाव के रिकॉर्ड तोड़ेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मताधिकार का प्रयोग करने का समय छह बजे खत्म हो चुका है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राजस्थान में पोस्टल बैलेट के जरिए दिए गए वोट का प्रतिशत 8.828 प्रतिशत है। इसे शाम 5 बजे तक हुए मतदान प्रतिशत के आंकड़े में जोड़ने पर यह 69.06 हो चुका है।
कांमा विधानसभा क्षेत्र के सबलेर मतदान केंद्र पर हुआ झगड़ा
भरतपुर के कांमा विधानसभा क्षेत्र के सबलेर मतदान केंद्र पर झगड़े होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस उम्मीदवार जाहिदा खान के पुत्र के साथ झगड़ा हुआ है। दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा पथराव भी किया गया है। झगड़े में जाहिदा पुत्र शाहिद प्रधान के चोट लगी है। पुलिस ने बचाब कर मामला शांत कराया। बताया जा रहा है कि बूथ के अंदर जाने को लेकर विवाद हुआ था।

