- मई माह में ही गर्मी ने किया बेहाल
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस बार जेठ की गर्मी लोगों को झुलसाएगी। इस बार की गर्मी अन्य वर्षों के मुकाबले अधिक होगी और लोगों को बीमार कर देगी। हालांकि वैशाख माह में ही प्रचंड गर्मी का रूप देखने को मिल रहा है, लेकिन इस बार जून की गर्मी अत्यधिक होगी और झुलसाने वाली होगी। मौसम विशेषज्ञों की माने तो उनका अनुमान है कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ के चलते हीटवेव चलेगी।
गर्मी का सीजन अप्रैल से शुरू हो जाता है। इस बार अप्रैल में तीन दिन तापमान 40 से ज्यादा रहा है। पूरे अप्रैल में गर्मी का अच्छा खासा असर देखने को मिला। मई की शुरुआत हुई तो पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश हुई। तापमान छह मई तक सामान्य से नीचे रहा। इसके बाद तापमान में बढोतरी हुई तो तापमान बढ़ते हुए 40 डिग्री के पार पहुंच गया। मई माह में तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालांकि मंगलवार को तापमान मई के महीने में 41 डिगी्र पर पहुंच गया है।
वेस्ट यूपी में लू का प्रकोप भी बढ़ा
मई में राजस्थान के मरुस्थलीय इलाकों में भीषण लू का दौर शुरू हो जाता है। जिसका अच्छा खासा असर वेस्ट यूपी में भी देखने को मई के महीने में देखने को मिल रहा है। इसलिए इस बार अधिक गर्मी पड़ेगी। जिसके चलते सावधानी बरतनी होगी अन्यथा परेशानी झेलनी पड़ेगी।

प्रचंड गर्मी ने रुलाया, पारा पहुंचा 41 डिग्री के पार
पिछले कई दिन से मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन निकलते ही गर्मी का प्रकोप शुरू हो जाता है। दोपहर में सूरज की तपिश के चलते प्रचंड गर्मी बेहाल कर रही है। कूलर, एसी भी इस गर्मी में मई के महीने में लोगों को राहत नहीं दे पा रहे हैं। इसलिए गर्मी क ा प्रकोप बढ़ने से लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अधिकतम आर्द्रता 46 एवं न्यूनतम आर्द्रता 16 प्रतिशत दर्ज की गई। मंगलवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 215, बागपत का 238, गाजियाबाद का 224, मुजफ्फरनगर का 344 दर्ज किया गया। इसके अलावा जयभीमनगर का 273, गंगानगर का 181, पल्लवपुरम का 190, दिल्ली रोड का 220, बेगमपुल का 280 दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ में लगातार हो रहा बदलाव
इस बार मई के महीने में पश्चिमी विक्षोभ में लगातार बदलाव देखने को मिला है। जिसके चलते गर्मी का असर अधिक बढ़ा है। आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। जेठ की गर्मी इस बार लोगों को झुलसाएगी और बीमार भी करेगी। इसलिए इस गर्मी से बचाव करने की बेहद सावधानी बरतनी होगी। -डा. यूपी शाही, मौसम वैज्ञानिक कृषि विवि
इस बार पड़ेगी अधिक गर्मी
इस बार गर्मी अधिक पड़ेगी। हालांकि मौसम मे अधिक बदलाव इस बार देखने को मिला है। इसलिए इस बदलाव के कारण ही गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। गर्मी बढ़ने के कारण लोगों को परेशानी होगी। -डा. एन सुभाष, मौसम वैज्ञानिक, आईआईएफएसआर

