- जून का पहला दिन पारा पहुंचा 43 डिग्री के पार
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: जून के महीने का पहला दिन ही पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। लगातार गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। जिसके चलते लोग घरों में कैद हो गए हैं। हालांकि जून के महीने में मौसम विशेषज्ञ बदलाव के संकेत दे रहे हैं। तीन जून तक हल्के बदलाव की संभावना जाहिर की है, लेकिन इस गर्मी में तभी लोगों को निजात मिलेगी। जब बारिश होगी और मौसम में बदलाव होगा। राजकीय मौसम वैधशाला पर शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम आर्द्रता 44 एवं न्यूनतम आर्द्रता 19 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा सुबह छह और शाम को चार किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ डा. यूपी शाही के अनुसार वेस्ट यूपी में तीन जून तक हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। जिसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। शनिवार का दिन भी गर्मी के लिहाज से बेहद खराब रहा। पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। तेज धूप के कारण दिन में बाजारों और हाइवे पर सन्नाटा पसरा रहा।
प्रदूषण में भी हुआ इजाफा
बढ़ती गर्मी के कारण प्रदूषण में भी लगातार इजाफा हो रहा है। मेरठ में 242, गाजियाबाद में 237, मुजफ्फरनगर में 264, बागपत में 257, गंगानगर में 217, जयभीमनगर में 321, पल्लवपुरम में 109 दर्ज किया गया।
बरसती आग से दुकानों पर एसी और कूलर का स्टाक खत्म
नौतपा के चलते आसमान से आग बरस रही है। सूर्यदेव ने अपना कहर बरपा रखा है। इसके चलते उत्तर प्रदेश का पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए जहां लोग एक तरफ घरों में पानी का छिड़काव, मिट्टी का लेप किया करते थे। वहीं, आधुनिक सुख सुविधाओं के चलते एसी, कूलर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बिना आज के जनजीवन के बारे में सोचना भी मुश्किल लगता है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों के लिए इन उपकरणों की जमकर खरीद फरोख्त कर रहे हैं। जिसके परिणामस्वरूप बाजारों से एसी और कूलर खत्म हो गए हैं।

जहां गर्मी का मौसम शुरू होते ही इस बार अप्रैल माह से ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जमकर खरीद फरोख्त हुई। वहीं, जून आते-आते आलम ये है कि खपत अधिक और माल कम होने के कारण से दुकानदारों को ग्राहकों के आगे हाथ जोड़कर मना करना पड़ रहा है। हाल यह है कि जो कूलर आज से एक महीने पहले छह से सात हजार का बिक रहा था। वहीं, कूलर अब अत्यधिक गर्मी और माल कम होने की किल्लत के चलते 11000 से 12000 रुपये में बेचा जा रहा है।
कई गुना बढ़ा कारोबार
गढ़ रोड स्थित रामा इंटरप्राइजेज के मालिक पुलकित गोयल बताते हैं कि अत्यधिक गर्मी की वजह से पिछले साल की तुलना में इस साल माल की विक्री में 70 प्रतिशत इजाफा हुआ है। इस साल अप्रैल से अब तक तीन करोड़ तक का बिजनेस हो चुका है। मगर अब बाजार में कूलर खत्म हो गए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि कूलर बनाने वाली मशीन कम है और बाजार में डिमांड चार गुना है।
स्टॉक हुआ खत्म
बच्चा पार्क स्थित तेजेंद्र ट्रेडर्स के मालिक तेजेंद्र बिंद्रा उर्फ विक्की बताते हैं कि पिछले 10 दिनों से स्टॉक उपलब्ध नहीं है। उनका कहना है कि इस समय सप्लाई कम है और डिमांड दोगुनी है। हिताची, कैरियर आदि कम्पनियों के एसी पीछे से ही न के बराबर मिल रहे हैं तो वहीं वोल्टास आउट आॅफ स्टॉक है। यही हाल कूलर का भी है, दुकान में केवल चार-पांच पीस ही शेष है, आॅर्डर लगाया हुआ है पर माल आने में दो से तीन लग रहे हैं। जिस कारण लोगों को बिना किसी एडवांस या आश्वासन के लौटाना पड़ रहा है। आलम ये हैं कि माल उतारते के साथ ही हाथों हाथ बिक रहा है।

