जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सहारनपुरवासियों से अपील की है कि विज़न डॉक्यूमेंट 2047 तैयार करने की इस महत्त्वाकांक्षी पहल में सभी लोग सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज़ न केवल जनपद बल्कि प्रदेश और देश की प्रगति का रोडमैप तय करेगा और इसमें आम नागरिकों की सहभागिता बेहद अहम है।जिलाधिकारी ने बताया कि विज़न डॉक्यूमेंट का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में जनता की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसके लिए सहारनपुर जनपद के नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं।
इच्छुक लोग क्यूआर कोड स्कैन कर अपने सुझाव ऑनलाइन भेज सकते हैं। सुझाव देने वाले प्रतिभागियों को सम्मान पत्र भी प्रदान किया जाएगा और वे नीति निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त करेंगे।उन्होंने कहा कि आपके सुझाव जनपद के सपनों को उड़ान देंगे और विकास की दिशा में ठोस कदम साबित होंगे। यह पहल केवल एक प्रशासनिक कवायद नहीं है बल्कि आमजन की सक्रिय भागीदारी से भविष्य का सुनहरा भारत गढ़ने का प्रयास है। जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि विज़न डॉक्यूमेंट 2047 केवल योजनाओं का खाका भर नहीं होगा बल्कि यह उस दिशा का विस्तृत रोडमैप होगा जिसके आधार पर भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर होगा।उन्होंने कहा कि जब भारत विकसित होगा तो विश्व पटल पर अपना परचम लहराएगा और नंबर वन पर विराजमान होगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जनपद स्तर पर प्राप्त होने वाले सभी सुझावों का संकलन कर उन्हें राज्य और केंद्र स्तर पर भेजा जाएगा ताकि विज़न 2047 की रूपरेखा को मजबूत आधार मिल सके।

