जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली:दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के पास 11 सितंबर को हुई फायरिंग के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को दो शूटरों नकुल और विजय को गिरफ्तार करने का दावा किया है। दोनों आरोपी बागपत जिले के रहने वाले हैं और उन पर बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा की ओर से एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने इन दोनों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं और इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। माना जा रहा है कि इन शूटरों के तार कुख्यात अपराधी गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हुए हैं।
पहले दिन हवाई फायर किया था
जानकारी के अनुसार, नकुल और विजय ने 11 सितंबर की रात दिशा पाटनी के घर के पास एक हवाई फायर किया था। यह फायरिंग इतनी चुपचाप हुई कि पाटनी परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। अगली सुबह एक पड़ोसी को एक कारतूस का खाली खोखा मिला, जिसके बाद इलाके में रात के वक्त एक धमाके की चर्चा शुरू हुई।
फिर आया गैंग का नया आदेश
गोल्डी और रोहित गैंग ने अगले ही दिन अपने दो मुख्य शूटर रविंद्र और अरुण को दोबारा फायरिंग का आदेश दिया। इन शूटरों ने दिशा पाटनी के घर पर गोली चलाकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और बरेली एसटीएफ ने इन दोनों को गाजियाबाद में एक एनकाउंटर में मार गिराया था।
अब दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े नकुल और विजय
एनकाउंटर के बाद फरार चल रहे नकुल और विजय को अब दिल्ली पुलिस ने दबोच लिया है। बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी की सूचना दिल्ली पुलिस से मिली है। बरेली पुलिस अब इनका बी वारंट लेने की प्रक्रिया में है और जल्द ही उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
दिल्ली पुलिस को मिलेगा इनाम
इन दोनों आरोपियों पर घोषित इनाम अब दिल्ली पुलिस के खाते में जाएगा। वहीं बरेली पुलिस का दावा है कि इनकी गिरफ्तारी से इस हाई प्रोफाइल मामले की कई परतें खुल सकती हैं।
बता दें कि, 11 सितंबर की रात बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के पास हुई फायरिंग ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। पहले दिन हुई फायरिंग के बारे में परिवार को पता तक नहीं चला था, लेकिन दूसरे दिन हुई फायरिंग से मामले ने गंभीर रूप ले लिया। इस मामले में अब तक चार शूटरों की पहचान हो चुकी है, जिनमें दो मारे जा चुके हैं और दो अब गिरफ्तार हो चुके हैं।

