जनवाणी संवाददाता ।
अंबेहटा/सहारनपुर: जिले में बुधवार देर शाम दो अलग-अलग सड़कों पर हुए दर्दनाक हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। अंबेहटा-नकुड़ रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं। वहीं सरसावा क्षेत्र में ओवरब्रिज से नीचे गिरने से दो अन्य युवकों की जान चली गई। दोनों हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अंबेहटा-नकुड़ रोड पर दो बाइकों की भिड़ंत में दो की मौत, तीन घायल
बुधवार देर शाम अंबेहटा-नकुड़ रोड बाईपास पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी, चौकी प्रभारी विकास चारण और उपनिरीक्षक रणवीर सिंह शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
सभी घायलों को एंबुलेंस से नकुड़ सीएचसी भेजा गया, जहाँ से उन्हें रेफर कर दिया गया।
चौकी प्रभारी विकास चारण के अनुसार हादसे में मोसिन, आरिश पुत्र शहीद, मुस्तफा, साकिब (सभी निवासी रणदेवा) और अजय पुत्र शीशपाल निवासी अंबेहटा घायल हो गए थे। इलाज के दौरान अंबेहटा के मोहल्ला खेवट निवासी 25 वर्षीय अजय पुत्र शीशपाल और रणदेवा निवासी 17 वर्षीय आरिश पुत्र शहीद की देर रात मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गाँव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सरसावा में ओवरब्रिज से गिरी बाइक, दो युवकों की मौत
वहीं दूसरी घटना थाना सरसावा क्षेत्र के शूगर मिल ओवरब्रिज के पास घटी। देर रात एक बाइक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान विकास, निवासी मोहल्ला हरिजनान, सरसावा, तथा उसके मित्र राजन के रूप में हुई है। बताया गया कि विकास अपने दोस्त राजन को घर छोड़ने जा रहा था, तभी ओवरब्रिज पर बाइक असंतुलित होकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरी।दोनों हादसों से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

