जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डी.सी. के एक शांतिपूर्ण दिन को एक भयानक घटना ने झकझोरा दिया। व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर बुधवार दोपहर, दो वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के जवानों को लक्ष्य बनाकर अचानक गोलीबारी की गई।
घटना से शहर में तैनात सुरक्षा एजेंसियाँ तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। आसपास के प्रशासनिक कार्यालयों और प्रमुख भवनों में ताले लग गए और तुरंत शहर में लॉकडाउन लागू कर दिया गया। घायल दो गार्ड जवानों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई। कुछ समय बाद खबर आई कि दोनों जवानों की मौत हो गई है, जिससे पूरा शहर दहशत में आ गया। वॉशिंगटन की मेयर ने इस घटना को “टार्गेटेड शूटिंग” करार दिया है। ट्रंप ने हमलावर को जानवर बताते हुए अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। गार्ड्स के मौत की पुष्टि फिलहाल सरकार ने नहीं की है।
एलन मस्क का पोस्ट – “कितने निर्दोष लोगों की जान जाएगी?”
टेक अरबपति और एक्स के मालिक एलन मस्क ने अपने आधिकारिक पोस्ट में दोनों गार्ड्स की मौत पर गहरा शोक जताया है। मस्क ने लिखा, “आज निर्मम तरीके से हत्या कर दिए गए दो राष्ट्रीय रक्षकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। हमारी ध्वस्त व्यवस्था को सुधारने के लिए कितने निर्दोष लोगों की जान लेनी पड़ेगी?”
वॉशिंगटन डीसी में हुई गोलीबारी उस समय हुई जब वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के सदस्य एक मेट्रो स्टेशन के पास तैनाती पर थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हमलावर अचानक मोड़ से निकला और बिना किसी चेतावनी के गोलियां चलाने लगा। घटना के फौरन बाद आसपास मौजूद अन्य सैनिक दौड़कर मौके पर पहुंचे और हमलावर को काबू में कर लिया। डीसी पुलिस अधिकारी जेफ्री कैरोल ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक यह हमला एक अकेले गनमैन द्वारा किया गया लगता है और अभी तक किसी अन्य संदिग्ध के शामिल होने के सबूत नहीं मिले हैं।

