जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग मंगलवार को कच्ची मतदाता सूची जारी करेगा, जिसमें 12.55 करोड़ मतदाता शामिल होंगे। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के तहत 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जो स्थानांतरित, अनुपस्थित या मृत थे। सभी जिलों में ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को बैठक आयोजित कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा कि वे शुद्ध मतदाता सूची जारी करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं। मंगलवार से 6 फरवरी तक मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां ली जाएंगी, जबकि 27 फरवरी तक इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च को किया जाएगा।
जिन 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे, उनमें 1.26 करोड़ स्थायी रूप से स्थानांतरित, 46 लाख मृत, 23.70 लाख डुप्लीकेट, 83.73 लाख अनुपस्थित और 9.57 लाख अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। प्रदेश में 91 प्रतिशत मतदाताओं का नाम 2003 की मतदाता सूची से मिलान कर लिया गया है, यानी इन मतदाताओं का नाम पक्की मतदाता सूची में शामिल करने के लिए कोई अतिरिक्त दस्तावेज़ नहीं मांगे जाएंगे।
यहां यह उल्लेखनीय है कि आयोग ने 27 अक्तूबर को एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) कराने की घोषणा की थी। इसके बाद 30 नवंबर और 11 दिसंबर को संशोधित कार्यक्रम जारी किए गए थे। अब, चुनाव आयोग ने मंगलवार को तीसरी बार एसआईआर की समयसीमा बढ़ाई है। यह एसआईआर प्रक्रिया अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2026 के आधार पर करवाई जा रही है।

