जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही भीषण ठंड से लोग खासे परेशान नजर आ रहे है। धूप या अलाव के सामने बैठने पर भी कंपकंपी छूट रही है। शुक्रवार दिनभर कोहरा छाए रहने से सड़कों पर चलने वाले वाहन भी रेंगते नजर आए। चंद कदमों की दूरी तक भी कुछ नजर नहीं आ रहा था। वहीं ठंड से बाजार भी ठंठे नजर आ रहे हैं।
शुक्रवार सुबह कोहरा छाए रहने से पूरे दिन ठंडक बनी रही। सवेरे से दोपहर तक कोहरा छाया रहा। करीब एक बजे के बाद धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा चलने के कारण लोग धूप में भी ठिठुरते नजर रहे। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में दो सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
रात का तापमान यथावत रहने से दिन का तापमान अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लगातार शीतलहर के चलने के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बर्फीली हवा चलने से गलन वाली सर्दी का असर बना रहा।
ठंड में मॉर्निंग वॉक हो सकती है नुकसानदेह
सुबह लोग घूमने के लिए जाते हैं, लेकिन कई दिनों से पड़ रही ठंड में ज्यादा सवेरे घूमना नुकसानदायक हो सकता है। खासतौर से हृदय एवं श्वांस के रोगियों के लिए ज्यादा जल्दी उठकर घूमने जाना खतरनाक है। ठंड के कारण रक्त गाढ़ा हो जाता है तथा हृदय में उसका पर्याप्त सर्कुलेशन नहीं होने से हार्ट अटैक का खतरा रहता है।
चिकित्सकों का कहना है कि बच्चों को भी ठंड से बचाकर रखें। उन्हें गर्म कपड़े पहनाएं रहें। धूप निकलने पर भी कपड़े कम न करें। गुनगुना पानी पीएं और घरों में रहकर ही व्यायाम करते रहें। जहां तक सम्भव हो सुबह-शाम या ज्यादा ठंड के समय घर पर ही रहने की कोशिश करें।
कोहरे में ट्रैक्टर-कार की भिड़ंत दो घायल
गुरूवार देर रात हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले दो युवक संदीप और मोहित अपनी कार से हरिद्वार के लिए किसी निजी कार्य से जा रहे थे। बताया जाता है जैसे ही वह थाना कोतवाली क्षेत्र के कैराना रोड स्थित नहर पटरी के पास पहुंचे तो घने कोहरे के चलते एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उनकी कार में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिसमें कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
अंगीठी से पुलिसकर्मी समेत परिवार की हालत बिगड़ी
ठंड से बचने के लिए लोग अक्सर अपने कमरों में गर्माहट के लिए अंगीठी जलाकर सो जाते है। ऐसा ही एक मामला शहर के माजरा रोड स्थित पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिस कर्मी के साथ हुआ। पुलिसकर्मी रात्री अपने कमरे में अंगीठी जलाकर अपनी पत्नी और चार छोटे बच्चो के साथ सो गया था।
बताया जाता है कि देर रात्रि में अचानक पूरे परिवार की तबीयत बिगड़ने लगी जिसके चलते उन्हें चक्कर आने लगे। चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य लोगों द्वारा उनको शामली सीएचसी में लाया गया। जहां चिकत्सकों ने उन्हें उपचार दिया। डॉ बिजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गत रात्रि एक परिवार के मिया बीवी समेत 4 बच्चो को सीएचसी लाये गए थे।
ये सभी रात में कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए थे। संभावित है कि सभी को कार्बन डाई आक्साईड प्वाइजनिंग हुई थी। जिसके कारण सभी को चक्कर आने लगे और सभी को बेहोशी की हालत में अस्पताल में लाया गया। जिन्हें तत्काल उपचार दिया गया। जिसके बाद सुबह तक सभी रिकवर हो चुके थे। जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।

