जनवाणी ब्यूरो ।
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने तमिलनाडु से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिन पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों के इशारे पर भारत में बड़ी आतंकी साजिश रचने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल है। सभी को तमिलनाडु से दिल्ली लाया जा रहा है।
स्पेशल सेल को यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल से दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद मिली अहम जानकारियों के आधार पर करनी पड़ी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी भारत में किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इनके तार लंबे समय से भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में पता चला है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल आतंकी संगठनों के समर्थन में प्रचार करने और संदिग्ध हैंडलर्स के संपर्क में रहने के लिए किया जा रहा था। इन डिजिटल सबूतों की गहन फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और साजिश की परतें खोली जा सकें।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। इनमें से दो को उथुकुली, तीन को पल्लडम और एक को तिरुमुरुगनपूंडी इलाके से पकड़ा गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान छिपाकर गारमेंट इंडस्ट्री में काम कर रहे थे। ऑपरेशन के दौरान कुल आठ मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कई शहरों की रेकी की थी और दिल्ली में ‘फ्री कश्मीर’ के पोस्टर लगाए गए थे।
फिलहाल सभी आरोपियों को ट्रेन के जरिए दिल्ली लाया जा रहा है और उनसे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि ये लोग आतंकियों की मदद और नेटवर्क विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

