Friday, March 13, 2026
- Advertisement -

Cricket News: धोनी का दिल छू लेने वाला पोस्ट, गंभीर की मुस्कान की तारीफ, बुमराह को बताया चैंपियन

जनवाणी ब्यूरो |

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद एक ऐसा पल आया जिसने फैंस को बेहद प्रभावित किया। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जो लंबे समय से सोशल मीडिया पर कम सक्रिय रहे हैं, उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर टीम को जीत की बधाई दी।

धोनी फाइनल के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वीवीआईपी बॉक्स में रोहित शर्मा और जय शाह के साथ मौजूद थे। भारत की जीत के कुछ ही मिनटों बाद उन्होंने हेड कोच गौतम गंभीर और पूरी टीम की जमकर तारीफ की।

‘कोच साहब’ को खास अंदाज में बधाई

धोनी ने पोस्ट में गंभीर का जिक्र करते हुए लिखा, “कोच साहब, मुस्कान आप पर बहुत अच्छी लगती है। मुस्कान के साथ आपकी तीव्रता घातक कॉम्बिनेशन है, बहुत बढ़िया।” गंभीर अपने सख्त और गंभीर स्वभाव के लिए जाने जाते हैं, इसलिए उनकी मुस्कान पर धोनी की यह टिप्पणी फैंस को बेहद पसंद आई।

धोनी ने आगे पूरे सपोर्ट स्टाफ और टीम को भी बधाई दी और कहा, “अहमदाबाद में इतिहास बना है। टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर के भारतीय क्रिकेट फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते देखना बेहद खुशी की बात है।”

बुमराह की शानदार गेंदबाजी

धोनी ने टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का भी मजाकिया अंदाज में जिक्र किया, “बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है… चैंपियन गेंदबाज।” फाइनल में बुमराह ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को पूरी तरह दबाव में रखा और 4 विकेट लेकर मैच का रुख भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

भारत का विशाल स्कोर

फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। संजू सैमसन ने 89 रन की जोरदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इन दोनों पारियों की मदद से भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर बनाया, जो अब तक टी20 विश्व कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है।

न्यूजीलैंड की टीम रही बेबस

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम पूरी तरह दबाव में रही। जसप्रीत बुमराह ने रचिन रवींद्र को शुरुआती ही ओवर में आउट कर टीम को बड़ा झटका दिया। टिम साइफर्ट ने अर्धशतक लगाया, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई। बुमराह ने चार विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी।

इतिहास रचा भारत ने

इस जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप इतिहास में तीन बार विजेता बनने वाली पहली टीम बन गई। इस रिकॉर्ड के साथ भारत ने इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी उन चुनिंदा कप्तानों में शामिल हो गए जिन्होंने भारत को विश्व कप जिताया है। इस सूची में कपिल देव, धोनी, रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर जैसे दिग्गज शामिल हैं।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद फैंस और क्रिकेट जगत की कई हस्तियों ने बधाई दी, लेकिन धोनी की इंस्टाग्राम पोस्ट ने जश्न में एक भावनात्मक और यादगार पल जोड़ दिया।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

छोटे बच्चों की करें उचित परवरिश

नीतू गुप्ता साफ-सुथरा, हंसता मुस्कुराता बच्चा सभी को अच्छा लगता...

पर उपदेश कुशल बहुतेरे

सही कहा है, दूसरों को उपदेश देने वाले एक...

मराठा कूटनीति के चाणक्य नाना फड़नवीस

मराठा साम्राज्य का संदर्भ आते ही आंखों के सम्मुख...

नीतीश कुमार का अंतिम दांव

बिहार की राजनीति में बहुविध हलचल है। मुख्यमंत्री नीतीश...
spot_imgspot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here