जनवाणी संवाददाता |
मुंडाली: सऊदी अरब में चालक की नौकरी कर रहे अजराड़ा के युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम और गांव में मातम छाया है। परिजन शव को स्वदेश मंगवाने के प्रयास में हैं।
मुंडाली का अजराड़ा निवासी नाजिम (30) पुत्र इकराम बीते सितंबर में चालक की नौकरी करने सऊदी अरब के जेद्दाह के शहर के निकट अल कुजैन खुमरा गया था। बुधवार देररात जेद्दाह के पास एक फ्लाईओवर पर उसकी गाड़ी का टायर फट गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिरी और नाजिम की मौके पर ही मौत हो गई। बृहस्पतिवार तड़के नाजिम के सहकर्मियों ने उसके घर फोनकर सूचना दी तो परिवार में कोहराम मच गया। बेटे की मौत पर पिता इकराम सदमें में है।
मां उम्मेदी और तीनों छोटी बहनों व भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामींणों ने बताया कि नाजिम भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह बहुत मेहनती और मिलनसार था। परिवार के आर्थिक हालात सुधारने के लिए वह सऊदी अरब गया। वहीं से परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था। नाजिम के चचेरे भाई शेरअली ने बताया कि परिजन शव को स्वदेश मंगवाने के लिए भारत और सऊदी अरब दूतावासों में संपर्क साध रहे हैं। शव स्वदेश आने में चार-छह दिन का समय लगेगा।

