जनवाणी ब्यूरो |
किठौर: परीक्षितगढ़ से किठौर लौट रहे दो बाइक सवार युवकों की बुधवार देर रात राधना पुलिस चौकी के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, किठौर निवासी नितिन वर्मा (35) पुत्र राजेंद्र कुमार वर्मा भावनपुर क्षेत्र के जई गांव में सर्राफा व्यवसाय करते थे। बुधवार रात वह अपने मित्र आशीष शर्मा (33) पुत्र सुनील शर्मा के साथ बाइक से जई गांव से किठौर लौट रहे थे।
वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे
बताया गया कि रात करीब 11:45 बजे राधना पुलिस चौकी के निकट बाइक सवार आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक कैंटर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों को आता देख कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कैंटर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।

