जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 181 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए। इससे पहले जारी आदेशों को मिलाकर केवल 12 घंटे के भीतर राज्य में कुल 363 पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया।
शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, कई तहसीलों के उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) का एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरण किया गया है, जबकि कई अधिकारियों को विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और अन्य विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादलों के क्रम में अयोध्या के एसडीएम राम प्रसाद त्रिपाठी को मथुरा भेजा गया है। वहीं, मिर्जापुर के एसडीएम संजीव कुमार यादव को अयोध्या में नई तैनाती मिली है। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी के रूप में कार्यरत लालकृष्ण को भी अयोध्या का एसडीएम नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, कुशीनगर के एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता का भी तबादला अयोध्या किया गया है। बाराबंकी, सीतापुर, गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, हरदोई, बुलंदशहर सहित कई अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में पीसीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

