जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में नजर आईं अभिनेत्री आकांक्षा चमोला इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। शो में एंट्री के दौरान उन्होंने टीवी अभिनेता गौरव खन्ना से तलाक लेने की बात कही थी। इसके बाद आकांक्षा ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक और खुलासा करते हुए बताया था कि वह लड़कियों की ओर भी आकर्षित होती हैं। इस बयान के बाद सोशल मीडिया से लेकर मनोरंजन जगत तक उनकी काफी चर्चा हुई।
अब शो से बाहर आने के बाद आकांक्षा ने अपनी बात खुलकर रखी है। उन्होंने बताया कि उनके इस खुलासे से परिवार के लोग काफी नाराज हैं।
परिवार को तलाक की बात पहले से थी पता
‘लॉकअप 2’ से बाहर आने के बाद अभिनेत्री तेजस्वी प्रकाश ने आकांक्षा चमोला से सवाल-जवाब किए। इसी दौरान आकांक्षा ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई बातें साझा कीं।
आकांक्षा ने बताया कि परिवार को उनके और गौरव खन्ना के तलाक की बात पहले से पता थी। हालांकि, उनके लड़कियों की ओर आकर्षित होने की बात परिवार के लिए स्वीकार करना आसान नहीं है।
अभिनेत्री के मुताबिक, परिवार इस बात से फिलहाल सहमत नहीं है और उनसे नाराज है। उन्होंने यह भी बताया कि गौरव खन्ना ने शो में परिवार को लेकर कुछ ऐसी बातें साझा की थीं, जिन्हें लेकर घरवालों की प्रतिक्रिया सामने आई थी।
‘पब्लिसिटी के लिए नहीं की तलाक की बात’
शो से बाहर आने के बाद आकांक्षा चमोला ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने शो में तलाक की बात पब्लिसिटी हासिल करने के लिए नहीं की थी। उन्होंने कहा कि वह अपने फैसले को लेकर गंभीर हैं और जल्द ही तलाक के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करेंगी।
आकांक्षा और गौरव खन्ना की शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं। दोनों के रिश्ते में अब अलगाव की स्थिति है और अभिनेत्री के मुताबिक जल्द ही यह रिश्ता कानूनी तौर पर भी खत्म हो जाएगा।
‘लॉकअप 2’ में खुलासे के बाद बटोरी सुर्खियां
‘लॉकअप 2’ में आकांक्षा चमोला की एंट्री के साथ ही उनकी निजी जिंदगी चर्चा में आ गई थी। शो में उन्होंने गौरव खन्ना से तलाक लेने की बात बताई। इसके बाद अपने आकर्षण को लेकर किए गए खुलासे ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
अब शो से बाहर आने के बाद आकांक्षा ने अपने परिवार की नाराजगी और तलाक की प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उनके इन बयानों के बाद एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी चर्चा में आ गई है।

