जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: 1 सितंबर 2026 से कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर के दाम में प्रमुख शहरों में 9.50 रुपये से लेकर 11.50 रुपये तक की वृद्धि की है। वहीं, विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमत में भी इजाफा हुआ है।
कमर्शियल LPG के दाम बढ़ने को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोला। कांग्रेस ने लिखा, “जनता पर ‘महंगाई मैन’ मोदी का हंटर फिर चला है।” पार्टी के मुताबिक, सिर्फ 8 महीने में कमर्शियल सिलिंडर की कीमत करीब 1,200 रुपये बढ़ चुकी है। कांग्रेस ने आगे केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसका “फंडा साफ है- जनता से वसूली करो, दोस्त की तिजोरी भरो।”
एटीएफ की कीमत भी बढ़ी
कमर्शियल LPG के साथ-साथ विमान ईंधन की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के सूत्रों के मुताबिक, एटीएफ की कीमत 6.28 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 121.28 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 115 रुपये प्रति लीटर थी। एटीएफ की कीमत बढ़ने का असर एयरलाइंस की परिचालन लागत पर पड़ सकता है।
घरेलू LPG सिलिंडर के दाम स्थिर
जहां कमर्शियल LPG सिलिंडर महंगा हुआ है, वहीं 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलिंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू सिलिंडर के दाम लगातार तीसरे महीने स्थिर हैं। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले गैर-घरेलू LPG सिलिंडर की कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसकी कीमत 762 रुपये से बढ़कर 764 रुपये प्रति सिलिंडर हो गई है। दो महीनों में लगातार कमर्शियल LPG के दाम में कटौती के बाद सितंबर में पहली बार इसकी कीमत बढ़ाई गई है।
किस शहर में कितनी बढ़ी कमर्शियल LPG की कीमत?
दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम, नोएडा, चंडीगढ़ और लखनऊ में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत 9.50 रुपये बढ़ी है।
दिल्ली: 2,747.50 रुपये
मुंबई: 2,701 रुपये
चेन्नई: 2,916.50 रुपये, कीमत में 10.50 रुपये की बढ़ोतरी
कोलकाता समेत इन शहरों में ज्यादा बढ़े दाम
सबसे ज्यादा 11.50 रुपये की बढ़ोतरी कोलकाता में हुई है। यहां 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत बढ़कर 2,884 रुपये हो गई है। वहीं, तिरुवनंतपुरम और बंगलूरू में कीमत 10-10 रुपये बढ़ी है। अब यहां सिलिंडर क्रमश: 2,784 रुपये और 2,831 रुपये का हो गया है।
भुवनेश्वर और हैदराबाद में कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत में 11-11 रुपये की वृद्धि हुई है। यहां अब इसकी कीमत क्रमश: 2,919 रुपये और 2,996 रुपये है।
पटना में सबसे महंगा कमर्शियल LPG सिलिंडर
पटना में भी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत में 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद यहां इसकी कीमत बढ़कर 3,029 रुपये हो गई है।

