जनवाणी संवाददाता |
नई दिल्ली: भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत पर हमला करने वाले 16 लोगों को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है। शुक्रवार को राकेश टिकैत पर तब हमला कर दिया था जब वह ततारपुर(राजस्थान) जा रहे थे।
इस दौरान भाकियू नेता की गाड़ियों के काफिले पर हमला कर दिया गया था, जिसमें राकेश टिकैत की कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस घटना के विरोध में गाजीपुर बॉर्डर व चिल्ला बॉर्डर पर भी आक्रोशित किसानों ने जाम लगा दिया था। करीब एक घंटा जाम रहा था।
एसएचओ ततारपुर ने जनवाणी को फोन पर बताया कि किसानों द्वारा दर्ज करायी गयी एफआईआर के आधार पर शुक्रवार की रात में ही 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। शनिवार की सुबह ततारपुर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से सख्ती के साथ पूछताछ की, जिसमें खुलासा किया कि कुलदीप यादव ने अपने साथियों के साथ यह हमला किया था।
कुलदीप यादव छात्र संघ का पूर्व अध्यक्ष रह चुका है तथा वर्तमान में भाजपा के कई नेताओं से जुड़ा हुआ है। इससे पहले एनएसयूआई का भी कार्यकर्ता रह चुका है। इस हमले का मुख्य आरोपी कुलदीप यादव है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में कुलदीप यादव ने बताया कि लोकप्रियता पाने के लिए यह हमला किया गया था। हालांकि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इसकी गहराई में जाना चाहती है कि कहीं इस हमले के पीछे किसी बड़े भाजपा नेता का हाथ तो नहीं है।

