- टैंट व्यवसायियों ने बैठक कर एकजुटता पर बल दिया
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नजीबाबाद टैंट व्यवसाय एसोसिएशन की बैठक में एकजुटता पर बल दिया गया। साथ ही बुजुर्ग टैंट व्यवसायियों को सम्मानित किया गया।
शनिवार को नगर के टैंट व्यवसाय एसोसिएशन की बैठक में सदस्यों ने पदाधिकारियों के सामने व्यापार के दौरान आने वाली समस्याओं को रखा। जिसमें महंगाई के समय में पुरानी दरों पर व्यवसाय किया जाना, बुकिंग करने वालों की ओर से टैंट लगवाने के बाद समय पर भुगतान न करना समेत विभिन्न समस्याएं शामिल रहीं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मौहम्मद अख्तर ने कहा कि सदस्यों की समस्याएं वाजिब हैं। टैंट व्यवसायी एकजुट हों। किसी टैंट व्यवसायी के बुकिंग के पैसे न देने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर धन दिलाए जाने की मांग की जाएगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि महंगाई के चलते टैंट के सामान के किराए की नई सूची तैयार कर जल्द जारी कर दी जाएगी। इस अवसर पर तसनीम सिद्दकी समेत कई बुजुर्ग टैंट व्यवसायियों को सम्मानित किया गया। बैठक में पप्पू, त्रिलोक सिंह, धीर सिंह, दीपक कुमार समेत कई टैंट कारोबारी मौजूद रहे।

