- शहर के बाजारों में सब्जी मंडियों में कम नहीं हो रही भीड़
- प्रशासन की सख्ती लोगों पर नहीं दिखाई दे रहा कोई असर
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जनपद में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। शनिवार को भी जनपद में 51 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के तमाम प्रयास कर रहा है। नागरिकों को अनेक माध्यमों से भीड़ न करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
जनपद में प्रशासन की सख्ती का लोगों पर कोई असर दिखाई नही दे रहा है। बाजारों में लगातार भीड़ बढ़ रही है। फेस मास्क बहुत कम प्रयोग होना और सोशल डिस्टेसिंग का पालन न किए जाने से जनपद में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलने का खतरा बना हुआ है।

कोरोना की दूसरी लहर में जनपद में भी संक्रमण तेजी के साथ फैल रहा है। गत शुक्रवार 61 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजेटिव मिली थी, जबकि शनिवार को 51 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव प्राप्त हुई है। जिले तेजी के साथ कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। लेकिन लापरवाह लोग बेखौफ होकर घरों से बिना मास्क लगाए बाजारों में खरीदारी के लिए निकल रहे हैं।
सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड और बसों के अंदर, सब्जी मंडियों में लोेगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इन स्थानों पर लोगों के द्वारा सोशल डिस्टेसिंग का पालन भी नहीं किया जा रहा है। जिला प्रशासन के कोरोना से बचाव के लिए गाइड लाइन जारी कर नागरिकों से नियमित रुप से फेस मास्क लगाने, अनावश्यक रूप से बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाने तथा सैनेटाइजर व हैंडवाश करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन नागरिक नियमों का पूरी तरह से पालन नहीं कर रहे हैं। जिसके चलते जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने सख्ती कर बिना मास्क लगाए लोगों का शहर के चौराहों पर चालान करना भी शुरू कर दिया है।
एसडीएम ने गाइड लाइन के पालन की अपील
कैराना: शनिवार को एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण से अपने परिवार व आसपास के लोगो को बचाने के लिए अपने घरो से तभी बाहर निकले जब बहुत आवश्यक हो। हमेशा मास्क का प्रयोग जरूर करे तथा सोशल डिस्टेंस का पालन करें व सैनिटाइजर का प्रयोग करे।
बाजारो में अनावश्यक भीड़ इक्टठा न करें। घर से बाहर जाने पर हाथों को साबुन से साफ करें व बाजार से खरीदी गई सब्जियों को अच्छी तरह धो कर हीं खाये। छींकते व खांसते समय मुंह पर रूमाल ढके। हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोरोना को फैलने से रोके।

