- पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को लिया हिरासत में
जनवाणी संवाददाता |
नूरपुर: ग्राम अस्करीपुर में कलयुगी पुत्र ने पिता की बेरहमी से पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया है। मृतक चेतराम(75) सिंचाई विभाग से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त थे।
चेतराम सिंह सिंचाई विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद अपने पुत्र सुधीर के साथ गांव में रहते थे। सुधीर उनसे शराब के लिए पैसों की मांग करता था और पैसे न मिलने पर वह उनके साथ मारपीट भी करता था।
रविवार को उसने शराब के लिए पिता चेतराम से पैसों की मांग की। मना करने पर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। बाद में उसने पिता के हाथ पीछे बांधकर उनकी गला दबाकर हत्या कर दी। पिता के मरने के बाद घर को ताला लगाकर वह स्योहारा थाने की पुलिस चौकी बुढ़नपुर पहुंच गया और पुलिस को पिता की हत्या करने की जानकारी दी।
स्योहारा पुलिस की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वर्मा और सीओ शुभ सूचित मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सुधीर को हिरासत में ले लिया। मृतक के भतीजे शेर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार वर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

