जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: सहकारी समितियों के लम्बे समय से चले आ रहे बकायेदार कृषकों के लिए एक मुश्त समाधान योजना की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर बढ़ा दी गयी है। ऐसे बकायेदार किसानों को उनके छूट की धनराशि सहित सूचना उनकी सहकारी समितियों के माध्यम से दी जा रही है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता विजय प्रकाश वर्मा ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक मुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के अन्तर्गत 31 मार्च 1997 से पूर्व के बकायेदारों से केवल मूलधन जमा कराया जाएगा। 01 अपै्रल 1997 से 31 मार्च 2012 तक के बकायेदारों से मूलधन एवं मूलधन के बराबर ब्याज जमा किया जाएगा।
01 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2017 तक के बकायेदारों से मूलधन एवं लगे ब्याज पर 50 प्रतिशत की छूट के साथ जमा किया जाएगा। विजय प्रकाश वर्मा ने जनपद के ऐसे बकायेदार किसानों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए अपना बकाया ऋण छूट के साथ जमा कर दें और संबंधित सहकारी समिति से आवश्यकतानुसार कम ब्याज पर पुन: ऋण प्राप्त कर लें।

