- दुकानों की छतों में नकब लगाकर घुसे थे बदमाश
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: मंगलवार की देर शाम दोनों व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। रात्रि में किसी समय चोरों ने दोनों दुकानों की छत में नकब लगाकर दोनों दुकानों से से लगभग एक लाख दस हजार रुपए का सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदारों को घटना की जानकारी बुधवार की सुबह दुकान पर पहुंचने पर हुई थी।
दोनों पीड़ित व्यापारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लेने के साथ ही व्यापारियों से जानकारी ली। दोनों व्यापारियों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल का कहना है कि पीड़ित व्यापारियों की तहरीर मिली है। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
एक सप्ताह पूर्व हुई चोरी में चोर गिरफ्तार
कस्बे के मोहल्ला शेखजाद्गान निवासी व्यापारी प्रवेश जैन की दुकान में एक सप्ताह पूर्व चोरों ने ताला तोड़कर हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित व्यापारी ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। मंगलवार की शाम को पुलिस ने एक चोर को दुकान से चोरी किए गए माल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए चोर ने अपना नाम सद्दाम निवासी मोहल्ला शेखजाद्गान बताया है। पुलिस ने पकड़े गए चोर को जेल भेज दिया है।

