- थानाभवन में सड़क किनारे अतिक्रमण का बोलबाला
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: नगर में निर्माणाधीन दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के दोनों तरफ अत्यधिक अतिक्रमण हादसों को दावत दे रहा है। पिछले कुछ समय मे कई हादसों में कई लोग, बच्चे अपनी जान गवा चुके हैं। अतिक्रमण से नगर का मैन बाजार व गली मोहल्ले भी अछूते नहीं है।
नगर में निर्माणाधीन दिल्ली-सहारनपुर हाइवे के दोनों तरफ वेल्डिंग, टायर पेंचर, परचून, सेनेटरी एंड हार्डवेयर, गाड़ी, ट्रैक्टर रिपेयरिंग करने वालों ने स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण कर रखा है। हाईवे पर किसी भी समय कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है।
करीब एक वर्ष पूर्व चरथावल बस स्टैंड पर अतिक्रमण के चलते हुए हादसों मे एक बुजुर्ग, दो महिला व कई बच्चे अलग-अलग दुर्घटना में जान गवा चुके हैं। पुलिस प्रशासन की बार-बार चेतावनी के बावजूद थानाभवन क्षेत्र में पड़ने वाले हाईवे पर जगह-जगह सवारी गाड़ी, कार, ई-रिक्शा चालकों ने अस्थायी पार्किंग बना कर कब्जा किए हुए है।
दूसरी ओर, अतिक्रमण से नगर का मैन बाजार, चौक बाजार, सब्जी मंडी, घास मंडी, घंटाघर चौक आदि जगहों पर दिन भर जाम की स्तिथि बनी रहती है। राहगीरों को पैदल चलने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर पंचायत थानाभवन द्वारा चौक बाजार, सब्जी मंडी में करोड़ों रुपये खर्च कर चौक बाजार का सौंदर्यीकरण कराया था|
तथा फड़ दुकानदारों के लिए बैठकर सब्जी बेचने का स्थान सुनिश्चित किया गया था। उसके बाद भी चौक बाजार के सब्जी विक्रेताओं ने अतिक्रमण करके अपने व सामने बराबर में अन्य दुकानदारों की ठेली लगवाकर अतिक्रमण कर रखा है। अनेकों बार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद प्रशासन हरकत में नहीं आया।

