जनवाणी संवाददाता |
देवबंद/सहारनपुर: कोतवाली देवबंद पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के पार्ट्स का बड़ा जखीरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चल रहे अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सागर जैन ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में देर रात सैनी सराय अंडरपास पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक संदिग्ध वाहन पार्ट्स लेकर गुजरने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान उवेश पुत्र सलीम निवासी शेखुल हिन्द कॉलोनी, थाना देवबंद के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिलों के कटे हुए दो चेचिस, दो साइलेंसर, तीन पेट्रोल टंकियां (एक एक्ससीडी, एक यामाहा और एक पोनेक्स), दो हैण्डिल, आठ शॉकर, पंद्रह इंजन की गरारियां, दो चेन सेट, चौदह बेयरिंग, दो टाइमिंग चेन, एक इंजन हेड, दो लेग गार्ड, दो किक, दो गेयर लीवर, सात क्लच प्लेट, चार एक्सल, छिहत्तर नट-बोल्ट, दो फुट रेस्ट, एक एयर फिल्टर, ग्यारह स्प्रिंग, दो सीटें, एक पुराना एमआरएफ टायर, दो छोटी बैटरियां, एक हेडलाइट, एक सेल्फ, दो वायरिंग सेट, दो क्लच तार, दो ब्रेक तार, छह प्लास्टिक कट्टे तथा एक मोटरसाइकिल रेहड़ा बरामद किया। बरामद सामान देखकर साफ जाहिर होता है कि आरोपी लंबे समय से चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स को अलग-अलग बेचने के धंधे में लिप्त था।गिरफ्तारी के बाद थाना देवबंद पर आरोपी के खिलाफ धारा 317/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को आवश्यक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी के इन पार्ट्स की सप्लाई कहां-कहां होती थी।

