- मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने जांच के बाद दिए थे एफआईआर के आदेश
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नगर के ग्राम समीपुर स्थित रेलवे फाटक के समीप एक प्लाट में खड़े बेहद पुराने राष्ट्रीय वृक्ष बरगद के पेड़ पर कुछ लोगों ने सामाजिक वानिकी से बिना अनुमति लिए काट डाला। तहसीलदार के निर्देश पर लेखपाल लेशवंत की ओर से चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर समीपुर रेलवे फाटक के समीप हरिद्वार बाईपास मोड़ पर अजमल पुत्र अख्तर के एक प्लाट के अंदर खड़े बहुत पुराने बरगद के पेड़ पर आरा चला दिया गया। बताया जा रहा है कि प्लाट स्वामी और कुछ दबंगों की शह पर पेड़ काटा जा रहा था।
इसी दौरान किसी ने तहसीलदार नजीबाबाद राधेश्याम शर्मा को इसकी सूचना दे दी। सूचना पाकर हल्का लेखपाल लेशवंत सिंह के साथ पहुंचे तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने पेड़ काट रहे लोगों से अनुमति दिखाने को कहा परंतु वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। जिस पर तहसीलदार ने पुलिस को बुलाकर मौके पर मौजूद आरोपियों को उनके सुपुर्द कर दिया और तहसीलदार के निर्देश पर मौके पर मौजूद चार आरोपियों अजमल पुत्र अख्तर निवासी फरीदपुर दुल्ला, साजिद पुत्र साबिर, रवि पुत्र रामअवतार निवासी निवासी ग्राम मंडावली, कोतवाली देहात, काले पुत्र लेखराज निवासी ग्राम आलूवाला थाना किरतपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
तहसीलदार ने छापेमारी के दौरान मौके पर दो कुल्हाड़ी,दो आरा,बरगद की कटी पड़ी लकड़ी व पिंडी को मौके पर बरामद किया। रिपोर्ट में कहा गया कि बरगद का पेड़ राष्ट्रीय वृक्ष है और वन सम्पदा की दृष्टि से महत्वपूर्ण भी है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

