- जयंत चौधरी की गांव भैंसवाल में कभी हो सकती है सभा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: गाजीपुर बार्डर एवं मुजफ्फरनगर में बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि यह सरकार एवं भाजपा द्वारा चौधरी राकेश टिकैत एवं आंदोलन कर रहे किसानों के सम्मान को ठेस पहुंचाने का नतीजा है।
राज्य योजना आयोग क पूर्व सदस्य ने कहा कि भाजपा के इशारे पर प्रशासन किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करेगा तो किसान भी जवाब देगा। भाजपा के नेताओं का न तो लोकतंत्र में विश्वास है और न ही भारत की जनता पर। प्रशासन सड़क पर तिरंगे झंडे लगाकर ट्रेक्टर चलाने वाले किसानों पर आपराधिक धाराओं में मुकदमे दर्ज कर रहा है, उन पर लाठियां बरसा रहा है।
उन्होंने किसान आन्दोलन का समर्थन करने एवं पुलिस द्वारा गांवों में डर का माहौल पैदा करने के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे शक्ति प्रदर्शन का विरोध करने के लिए जिला बार एसोसिएशन शामली को धन्यवाद दिया। उन्होंने अन्य संगठनों से भी किसानों के समर्थन में आने की अपील की है।
सपा नेता ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चौधरी राकेश टिकैत को समाजवादी पार्टी द्वारा किसान आन्दोलन में पूर्ण समर्थन का भरोसा दिया है तथा किसानों के समर्थन में राज्यसभा का बहिष्कार किया है।
पंवार ने कहा कि किसानों पर हुए लाठीचार्ज एवं मुकदमें लिखे जाने के विरोध में जयन्त चौधरी के गांव भैंसवाल आने की सूचना मिली है। निश्चित कार्यक्रम मिलने पर जनसभा की तैयारी की जाएगी।

