नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सनी देओल ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘घायल’ की रिलीज के 36 साल पूरे होने पर खास अंदाज में जश्न मनाया। इस मौके पर उन्होंने अपने दिवंगत पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भावुक होकर याद किया।
सनी देओल की भावुक पोस्ट
इंस्टाग्राम पर फिल्म के कुछ यादगार दृश्यों का मोंटाज साझा करते हुए सनी देओल ने ‘घायल’ की सफलता का श्रेय अपने पिता धर्मेंद्र और लेखक राज को दिया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “पापा के भरोसे और राज की राइटिंग ने ‘घायल’ को मुमकिन बनाया। आपके प्यार ने इसे अमर बना दिया।” पोस्ट में उन्होंने रेड हार्ट और हाथ जोड़ने वाले इमोजी भी जोड़े।
धर्मेंद्र का अहम योगदान
गौरतलब है कि जब कई निर्माताओं ने इस फिल्म को सपोर्ट करने से इनकार कर दिया था, तब धर्मेंद्र ने खुद आगे आकर ‘घायल’ को प्रोड्यूस किया था। सनी देओल पर उनके भरोसे ने फिल्म को एक बड़ी सफलता दिलाई और यह उनके करियर की सबसे यादगार फिल्मों में से एक बन गई। धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की उम्र में मुंबई स्थित उनके आवास पर हुआ था।
मीनाक्षी शेषाद्रि ने भी मनाई एनिवर्सरी
फिल्म की अभिनेत्री मीनाक्षी शेषाद्रि ने भी ‘माहिया तेरी कसम’ गाने को रीक्रिएट करते हुए इसकी 36वीं वर्षगांठ मनाई। उन्होंने डांस वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ‘घायल’ उनके दिल के बेहद करीब है और इतने सालों बाद भी इस गाने से जुड़ना उनके लिए खास अनुभव रहा।
फिल्म की स्टारकास्ट और सफलता
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल, मीनाक्षी शेषाद्रि, राज बब्बर और अमरीश पुरी जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाईं। मौसमी चटर्जी, अन्नू कपूर, ओम पुरी, शरत सक्सेना और सुदेश बेरी भी सपोर्टिंग रोल में नजर आए।
करीब 2.5 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 20 करोड़ रुपये की कमाई कर बड़ी सफलता हासिल की थी।

