नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। हॉरर फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी के लिए मशहूर अभिनेता इमरान हाशमी एक बार फिर इसी जॉनर में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘रूह’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है, और मेकर्स ने इसका पहला टीज़र-लुक भी जारी कर दिया है। साथ ही फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी भी सामने आ गई है।
वीडियो में दिखा रहस्यमयी माहौल
फिल्म के अनाउंसमेंट वीडियो में 52 सेकंड का एक रहस्यमयी विजुअल देखने को मिलता है। इसमें एक घने जंगल के बीच एक अनजान लड़की दिखाई देती है। इसके बाद एक धुंधला शीशा नजर आता है, जिसे एक रहस्यमयी हाथ साफ करता है। जैसे ही शीशा साफ होता है, उसमें इमरान हाशमी का चेहरा दिखता है, और धीरे-धीरे उनकी आंखें काली पड़ जाती हैं। वीडियो के अंत में फिल्म का टाइटल ‘रूह’ उभरकर सामने आता है।
2027 में होगी रिलीज
मेकर्स ने जानकारी दी है कि ‘रूह’ साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी दर्शकों तक पहुंचेगी। फिल्म का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने लिखी है। प्रोडक्शन की जिम्मेदारी विक्रम खंखर और सनी खन्ना ने संभाली है।
इमरान हाशमी का बयान
इमरान हाशमी ने फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि ‘रूह’ उन्हें तुरंत आकर्षित करने वाली फिल्म है क्योंकि इसमें आधुनिक हॉरर, भावनात्मक गहराई और संगीत का अनोखा मेल है। उन्होंने कहा कि दर्शक उन्हें इस तरह की फिल्मों से जोड़ते आए हैं और मयंक शर्मा की बनाई दुनिया बेहद प्रभावशाली और सिनेमैटिक लगती है। इमरान ने उम्मीद जताई कि दर्शक इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का आनंद जरूर लेंगे।

