- ब्रह्मपुरी सीओ व एसीएम ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दिया था तीन दिन का समय
- कलक्ट्रेट में पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जा रही थी महिलाएं
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आकाश हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बुधवार को पीड़ित परिवार की महिलाएं कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन जा रही थी, लेकिन परतापुर पुलिस ने महिलाओं को रिठानी में रोक दिया, जिस पर महिलाओं ने वहां हंगामा कर दिया।
मामला बढ़ते देख परतापुर पुलिस ने महिलाओं को लाठियां फटकार कर वापस भेजा। हालांकि पुलिस के लाठीचार्ज में मृतक की बहन व अन्य कई महिलाएं घायल हो गई। मृतक की बहन को चोट आने पर अस्पताल में भर्ती कराया है।
विदित रहे कि गांव कंचनपुर घोपला के रहने वाले आकाश का गांव की ही एक युवती से प्रेमप्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों को जब इस बारे में पता चली तो उन्होंने आकाश को दो सप्ताह पहले अपने घर बुलाया था। इसके बाद उसे नशीला इंजेक्शन लगाकर मारपीट करने बाद उसे अधमरी हालत में गांव से बाहर फेंक दिया था।
मृतक आकाश की बहन उर्मिला ने बताया कि जब उन्हें इस बारे में पता चली तो उन्होंने आकाश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर तीन दिन पहले उपचार के बाद आकाश ने दम तोड़ दिया था। आकाश की मौत होने के बाद परिजन उसके शव को लेकर हत्यारोपी डा. प्रदीप के घर पहुंचे थे और उनकी गिरफ्तारी को लेकर धरना दिया था।
सूचना के बाद ब्रह्मपुरी सीओ अमित राय व एसीएम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और तीन दिन में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी करने व 10 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था। हालांकि पुलिस ने आकाश की हत्या में शामिल डा. प्रदीप व उसकी पत्नी अनीता और बेटे देव के अलावा अन्य दो नामजदों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस ने डा. प्रदीप व पत्नी अनीता पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित कर दिया था। पुलिस का दिया गया तीन दिन का समय पूरा होने के बाद बुधवार को पीड़ित परिवार कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन करने के लिए जा रहा था, लेकिन परतापुर पुलिस ने रिठानी गांव में पीड़ित परिवार को कलक्ट्रेट में जाने से रोक दिया।
जिसको लेकर वहां पर पीड़ित परिवार ने हंगामा कर दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद जब पीड़ित परिवार नहीं माना तो पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाकर वापस खदेड़ा। जिसमें मृतक की बहन उर्मिला व अन्य दो महिलाएं घायल हो गई। हालांकि उर्मिला को ज्यादा चोट आने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, परतापुर थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि महिलाओं पर किसी तरह का लाठीचार्ज नहीं किया गया है। हालांकि उन्हें कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन करने जाने से रोका गया है और रिठानी गांव से ही उन्हें समझाकर वापस कर दिया गया था। लाठीचार्ज करने की बातें बेबुनियाद है।
गिरफ्तारी को आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन
परतापुर थाने के गांव कंचनपुर घोपला निवासी आकाश पाल हत्याकांड में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जल्द से जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। एसीएम ने तीन दिनों में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
बता दें कि कंचनपुर घोपला निवासी कक्षा नौ के छात्र आकाश पाल की बीते माह हत्या कर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में अभी तक हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। जिसे लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार किये जाने और आकाश के परिजनों को आर्थिक सहायत दिये जाने की मांग की।

धरने की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसीएम सिविल लाइन ने लोगों की बात सुनीं और इस मामले में 48 घंटों में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने आने वाले दस दिनों में आकाश के परिजनों को प्रदेश सरकार की ओर से दी जाने वाली आर्थिक सहायता दिलाये जाने की बात कही।
प्रदर्शन करने वालों में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र राछौती, संजीव पाल, डा. ओम प्रकाश, प्रधान कुंवर पाल, पीताम्बर, युनूस, रमेश, सिराज आदि मौजूद रहे। धरने से पार्टी के जिला महासचिव शमीम चौधरी को भी पुलिस ने थाने में नजरबंद कर लिया।
चंद्रशेखर के आने की सूचना से छावनी में तब्दील डीएम कार्यालय
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर उर्फ रावण का भी बुधवार को डीएम कार्यालय में धरने में आना तय था। जिसके चलते पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी व्यवस्था की गई थी। पुलिस प्रशासन की ओर से काफी संख्या में पुलिस बल कलक्ट्रेट परिसर में तैनात किया गया था। कचहरी के मुख्य गेट से लेकर डीएम कार्यालय तक पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन प्रशासन से वार्ता होने पर चंद्रशेखर वहां नहीं पहुंचे।
आकाश के परिजनों से मिले विनीत शारदा
भाजपा के वरिष्ठ नेता विनीत अग्रवाल शारदा बुधवार को आकाश पाल के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे और जल्द से जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने आकाश के पिता के सामने ही आईजी रेंज प्रवीण कुमार व एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण से फोन पर वार्ता कर इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई किये जाने की मांग की। इस दौरान रिठनी मंडल अध्यक्ष प्रेम चंद पाल, राहुल गुर्जर, उमेश आदि मौजूद रहे।

