- स्टेशन पर मच गई अफरा-तफरी, तुरंत ही मरम्मत कर गाड़ी को रवाना किया गया
- मुरादाबाद से अंबाला की ओर जा रही थी मालगाड़ी
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर हादसे नहीं थम रहे हैं। शुक्रवार शाम को मुरादाबाद से अंबाला की ओर जा रही मालगाड़ी का पहिया पटरी से उतर गया। ऐसे में करीब 500 मीटर तक पटरी उखड़ गई।
हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत ही रेलवे अफसरों ने मौके पर पहुंच कर तकनीकी जांच शुरू कर दी। फिलहाल हादसा क्यों और कैसे हुआ इसकी जांच की जा रही है। हालांकि, मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया।
बता दें कि मुरादाबाद से अंबाला की ओर कोयले से भरी मालगाडी जा रही थी। देर शाम यह मालगाड़ी प्लेटफार्म नम्बर 7 पर पहुंची। इसी दौरान मालगाड़ी अनियंत्रित हो गई और उसका पहिया पटरी से उतर गया। इस हादसे में तकरीबन पांच सौ मीटर तक का रेलवे ट्रैक उखड़ गया।
बता दें कि मालगाडी की पिछली बोगी भी ट्रैक से नीचे उतर गई। जैसे तैसे चालक ने बै्रक लिया। इस दौरान कोई जन हानि तो नहीं हुई। लेकिन पूरे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत ही इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक कपिल शर्मा को दी गई।
मौके पर रेलवे विभीग की तकनीकी टीम पहुंची। घटना क्यों हुई इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल कोयले से लदी ट्रेन को कुछ देर के लिए रोक दिया गया। बाद में मरम्त करने के बाद ट्रेन को अंबाला की ओर रवाना किया गया।
स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि मालगाडी की पिछली बोगी पटरी से उतर गई थी। सूचना मिलते ही इसे ठीक कर लिया गया। कुछ समय पश्चात ट्रेन को रवाना कर दिया गया। बता दें कि सहारनपुर में पहले भी कई बार हादसे हुए हैं। हालांकि, कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

