- दो माह पहले हुई थी कलंजरी निवासी पूजा उर्फ रश्मि की सिपाही आकाश से शादी
- अभी तो हाथों की मेहंदी भी नहीं थी सूखी, परिजनों का आरोप दहेज की खातिर मार डाला
जनवाणी संवाददाता |
जानीखुर्द: मोदीनगर निवासी सिपाही व उसके परिवार वालों ने दहेज की खातिर नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज आरोप लगा है। कलंजरी निवासी एक नवविवाहिता गर्भवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर महिला के परिवार वालों ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर हत्या का आरोप लगाया है। कलंजरी निवासी संजय वर्मा ने बताया कि उसकी बहन पूजा उर्फ रश्मि की शादी दो माह पूर्व गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी सिपाही आकाश पुत्र राजेश वर्मा के साथ हुई थी।
परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के कुछ दिन तक तो पूजा को ससुराल वालों ने अच्छे तरह से रखा, लेकिन फिर कुछ दिन बाद पूजा को ससुराल पक्ष के लोग ताने मारने लगे। पूजा ने जानकारी कुछ दिन पहले ही फोन पर परिजनों को भी बताई थी। पूजा का पति आकाश वर्मा, ससुर राजेश वर्मा, विकास वर्मा, अंजू वर्मा, संजीव वर्मा, अविनाश वर्मा मारपीट करते थे। पूजा की मौत की सूचना परिजनों को पड़ोस द्वारा जानकारी मिली।
सूचना मिलने पर परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग फरार मिले। जिसकी सूचना मृतक के भाई ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई के तहत शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूजा के परिजनों ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मिली तहरीर के अनुसार मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी और अग्रिम कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि महिला गर्भवती भी थी
और परिजनों का कहना है कि पुलिस में होने के कारण पूजा को बड़ी यातनाएं दी और बहुत प्रताड़ित किया। सिपाही आकाश 2019 बैच का भर्ती बताया जा रहा है। वर्तमान में पोस्टिंग शाहजहांपुर बताई जा रही है। आकाश घर पर छुट्टी आया हुआ था। तहरीर के आधार पर सभी के खिलाफ मामला पुलिस ने दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि कई दिन बीतने के कारण भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस उन पर कुछ कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस विभाग में होने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
घायल के भाई को मेडिकल में धमकी देने वाले आरोपियों की तलाश
कंकरखेड़ा: नेशनल हाइवे स्थित खड़ौली में लगभग एक हफ्ते पूर्व 15 वर्षीय किशोर विजय कार की चपेट में आने से गंभीर घायल हो गया था। जिसके बाद घायल किशोर के भाई ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया था। शनिवार को आरोपी चालक के परिचित घायल के भाई को धमकी देने के लिए पहुंचे थे। साथ ही मुकदमा वापस लेने का दबाव दे रहे हैं। पुलिस धमकी देने वाले दोनों युवकों की तलाश में जुट गई है। घायल युवक का मंगलवार को रीढ़ की हड्डी व पैर का आॅपरेशन होना है।
मध्यप्रदेश के पन्ना जिला के रहने वाले अजय कुमार अपने परिवार में भाई विजय के साथ लगभग पांच महीने पूर्व खड़ौली में रहने के लिए आया था। एक हफ्ते पूर्व 15 वर्षीय किशोर विजय सड़क पार कर हैंडपंप से पानी भरने के लिए गया था। पानी भरने के बाद किशोर वापस घर की तरफ आ रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार आई-20 कार के चालक ने किशोर को जोरदार टक्कर मार दी थी। जिसके बाद आरोपी चालक किशोर को कई मीटर घसीटता हुआ ले गया था। हादसे में किशोर के पैर व रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। आरोपी चालक की पहचान अनिकेत के रूप में हुई थी।
जिसके बाद आरोपी ने घायल को अस्पताल में भर्ती कर दिया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। शनिवार को आरोपी चालक के दो परिचित मेडिकल अस्पताल पहुंचे। जहां दोनों युवकों ने घायल के भाई को धमकाना शुरू कर दिया। वही पुलिस को मामले से दूर रखने की सलाह दी। सीओ दौराला शुचिता सिंह का कहना है कि फोटो के आधार पर दोनों युवकों की पहचान की जा रही है। पहचान के बाद दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने भाई के आपरेशन के लिए लगाई गुहार
घायल किशोर विजय के भाई अजय ने बताया कि पहले चिकित्सकों ने सोमवार के लिए आॅपरेशन की बात कही थी। मगर अब मंगलवार को आॅपरेशन करने के लिए कह रहे हैं। वही उसका भाई का दर्द लगातार बढ़ता जा रहा है। भाई के दर्द को देखकर उसकी आंखें नम है। घायल के भाई ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से अपने भाई का जल्द आॅपरेशन करने की गुहार लगाई है।

