- 16 किलोवाट के लगाए सोलर पैनल, प्राइवेट अस्पताल के तर्ज पर होती है लैब जांच
जनवाणी संवाददाता |
दौराला: हाइवे किनारे पर बनी सीएचसी दौराला को आधुनिक और सभी सुविधाओं से लैस करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। सीएचसी को वातानुकुलित बनाने के बाद अब सीएचसी में यूपीनेडा की ओर से 16 किलोवाट का सोलर पैनल लगाया गया है। इससे बिजली बिल कम होगा, साथ ही सीएचसी हर वक्त जगमग रहेगा।
सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डा. सचिन मलिक ने बताया कि सीएचसी दौराला को आधुनिक और सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। कांवड़ यात्रा भी सिर पर है और हाइवे किनारे होने के कारण सीएचसी पर सभी सुविधा होनी जरूरी है। बताया कि पूर्व में सीएचसी पर आॅक्सीजन प्लांट लगाया गया था, साथ ही सीएचसी को प्राइवेट अस्पताल की तर्ज पर वातानुकुलित किया गया था। तीमारदारों के लिए हॉल में टीवी लगाया गया था।
बताया कि कांवड़ यात्रा सिर पर है और कभी कभार इमरजेंसी के दौरान अचानक लाइट चली जाती है। हालांकि, सीएचसी में जनरेटर की सुविधा है, परंतु इससे प्रदूषण होने के साथ खर्च भी बढ़ता है। इस खर्च को कम करने के लिए अब यूपी नेडा की ओर से सीएचसी में 16 किलोवाट का सोलर लगाया गया है, जिससे सीएचसी हर वक्त जगमग रहेगी। सोलर से एसी भी चल सकेंगे और इमरजेंसी के समय दिक्कत भी नहीं होगी।
प्राइवेट की तर्ज पर खुली लैब
डा. सचिन मलिक ने बताया कि सीएचसी में अब एक्सरे, अल्ट्रासाउंड के साथ-साथ लैब में खून, बलगम, हेपेटाइटिस, एचआईवी व कोलेस्ट्रॉल बीपी, शुगर आदि जांच की भी सुविधा मिलेगी। सीएचसी में प्राइवेट की तर्ज पर लैब खोली गई है। लैब में देवेंद्र, अतुल, कुलदीप आदि सहित सात लोग आधुनिक मशीनों से हर तरह की जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि प्राइवेट लैब पर जांच महंगी होती है, जिस कारण गरीब लोग जांच नहीं करा पाते या उन्हें कर्ज लेकर जांच करानी पड़ती थी, लेकिन अब सीएचसी पर जांच की सुविधा होने से ऐसे परिवारों को राहत मिलेगी।

