- पकड़े गए आरोपियों ने किया खुलासा
- सपा नेता ने उठाई एनएसए लगाने की मांग
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: कमाई के लालच में मीट माफिया मृत पशुओं के मास के साथ अपने ईमान बेचने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। मृत पशुओं का गोश्त कस्बे में फरोख्त किया जा रहा है।यह खुलासा मंसूरपुर पुलिस द्वारा मृत पशुओं के मांस के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान किया है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में मृत पशुओं के गोश्त का कारोबार काफी फल-फूल रहा है।इस नाजायज कारोबार से फलावदा भी अछूता नहीं है। गत दिवस जनपद मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर पुलिस द्वारा मृत पशु के कई कुंतल मीट के साथ पकड़े गए आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि वे मृत पशुओं के मीट की सप्लाई गाव चित्तौड़ा, खतौली, मवाना के अलावा फलावदा कस्बे में भी करते आ रहे हैं। फलावदा में भी मृत पशुओं का मीट बिक रहा है। सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल होते ही लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों ने मीट की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है। दूसरी ओर सपा नेता हाजी शमशाद लावड़ ने एडीजी राजीव सब्बरवाल से पकड़े गए आरोपियों पर रासुका लगाने की मांग की है।

