जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के नतीजों का दिन है। चुनाव आयोग की देखरेख में मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में कई सीटों पर रोमांचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस बार चुनावी मैदान में फिल्म और टीवी जगत के कई बड़े चेहरे भी उतरे हैं, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
तमिलनाडु में विजय थलापति की पार्टी आगे
तमिलनाडु में अभिनेता विजय थलापति की राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन किया है। ताज़ा रुझानों के अनुसार टीवीके 108 सीटों पर आगे चल रही है।
राज्य की कुल 234 सीटों पर मतगणना हो रही है। विजय थलापति पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली (ईस्ट) सीटों से भी बढ़त बनाए हुए हैं। शुरुआती रुझानों में उनका प्रदर्शन सत्ताधारी दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के लिए चुनौती बनता दिख रहा है।
पश्चिम बंगाल में रूपा गांगुली और भाजपा को बढ़त
पश्चिम बंगाल में अभिनेत्री और नेता रूपा गांगुली भाजपा के टिकट पर सोनारपुर दक्षिण सीट से चुनाव लड़ रही हैं और अपनी सीट पर आगे चल रही हैं।
शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी 194 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे राज्य में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
बंगाल में कई सेलेब्रिटी उम्मीदवारों की सियासी परीक्षा
इस बार पश्चिम बंगाल चुनाव में कई फिल्मी और टीवी जगत के सितारों की राजनीतिक किस्मत दांव पर लगी है। इनमें प्रमुख नाम शामिल हैं—
- सायंतिका बनर्जी (TMC, बारानगर)
- रुद्रनील घोष (BJP, शिबपुर)
- राज चक्रवर्ती (TMC, बैरकपुर)
- जून मालिया (TMC, मेदिनीपुर)
- हिरण्मय चट्टोपाध्याय (BJP, श्यामपुर)
- पापिया अधिकारी (BJP, टॉलीगंज)
- सोहम चक्रवर्ती (TMC, करीमपुर)
- इसके अलावा टीवी अभिनेत्री श्रेया पांडे और अभिनेत्री अरुंधति मैत्रा भी टीएमसी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।

