जनवाणी संवाददाता |
बहसूमा: थाना बहसूमा की रामराज चैकी इंचार्ज का लाॅकडाउन के दौरान दुकान खुलवाकर सामान खरीदते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में चौकी इंचार्ज दुकान के अंदर घडी खरीदते हुए नजर आ रहे हैं।
बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी के चलते सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में लाॅकडाउन लगाया गया है। इसमें केवल जरूरी सामान जैसे फल, सब्जी तथा किराने की दुकानों को 11 बजे तक खोलने के आदेश दिये गये हैं। कस्बा रामराज के व्यापारियों का कहना है कि 11 बजे से आधा घंटा पहले ही रामराज चौकी पर तैनात दरोगा अमर सिंह बाजार में आम आदमियों पर लाठियां भांजने लगता है तथा आये दिन व्यापारियों के साथ भी दुर्व्यवहार करता रहता है।
वहीं कुछ नगरवासियों का कहना है कि यही दरोगा अपनें कुछ चहेते दुकानदारों की दुकाने पूरे दिन खुलवाये रखता है। नगरवासियों का कहना है कि आम नागरिकों पर यह दरोगा बिना किसी गलती के भी हर रोज लाठियां भांज रहा है।

बृहस्पतिवार को चौकी इंचार्ज दरोगा अमर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसमे वह एक घडी की दुकान पर घडी खरीदते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में बाकी दुकानें बंद नजर आ रही हैं। इस बारे में जब चौकी इंचार्ज अमर सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मुझे कुछ जरूरी सामान खरीदना था उसके लिये दुकान खुलवाई थी। सीओ मवाना उदय प्रताप सिंह से बात करने पर उन्होने कहा कि मामले की जानकारी की जा रही है। निष्पक्ष जांच की जायेगी। यदि दरोगा की गलती पाई जाती है तो निश्चित रूप से उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

