- जल निगम के जेसीबी ने पाइप लाइन क्षतिग्रस्त की
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सिविल लाइन थानातंर्गत सूरजकुंड स्थित आर्यनगर नाले की पुलिया के पास जल निगम के जेसीबी ने खुदाई के दौरान गेल गैस की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर दी। पाइप लाइन टूटते ही भीषण आग लग गई और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। आनन-फानन में स्ट्रीट लाइट आदि बंद करानी पड़ी। बाद में गेल कंपनी के कर्मचारियों ने आकर आग पर काबू पा लिया गया।
सूरजकुंड में सोमवार की रात 11 बजे के करीब बड़ा हादसा होते होते बचा। जल निगम की तरफ से आर्य नगर पुलिया के पास जल निगम के कर्मचारी पाइप लाइन की लीकेज के लिये जेसीबी मशीन से खुदाई कर रहे थे। तभी जेसीबी मशीन के झटके से गेल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। मजदूरों को पता नहीं लगा कि गैस पाइप लाइन लीक हो गई है। तभी किसी मजदूर ने बीड़ी पीकर फेंक दी और देखते देखते गैस ने आग पकड़ ली और लपटें काफी ऊंची उठने लगी।

आग लगते ही हड़कंप मच गया और जल निगम के कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुूए। आग की लपटें स्ट्रीट लाइट की तरफ उठने लगी। तभी शटडाउन ले लिया गया। इस बीच स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दे दी। थोड़ी देर में फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी आ गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस भी मौके पर आ गई।
गैस पाइप लाइन में आग लगने से अंकित नामक युवक भी झुलस गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिये ले जाया गया। थोड़ी देर बाद गेल गैस कंपनी के कर्मचारियों ने लीकेज वाली जगह को जोड़ दिया। हर कोई इस बात से दहशत में था कि अगर गैस तेजी से फैलती तो भीषण आग लग सकती थी।

