- पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पर लगाई कार्रवाई की गुहार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एक महिला के लगातार तीन बेटियां होना अभिशाप बन गया। आरोप है कि बेदर्द पिता ने जहां एक बेटी को 10 हजार रुपये में बेच दिया। वहीं पत्नी के साथ मारपीट कर उसकी नाक तोड़ कर घर से निकाल दिया। परेशान महिला गुरुवार को एसएसपी गई और न्याय की गुहार लगाई।
सदर थाना क्षेत्र की एक महिला की शादी 10 साल पहले हुई थी। लगातार तीन बेटियों को जन्म देने से जहां ससुराल वाले नाराज थे। वहीं पति भी आए दिन मारपीट और बवाल करने लगा था। इससे महिला परेशान रहने लगी, लेकिन उसकी मदद करने को कोई नहीं आ रहा था। एसएसपी आफिस पर महिला ने बताया कि कई महीनों से वो पति का उत्पीड़न बर्दाश्त करती आ रही है।
सिर से पानी तब उतर गया जब पति ने दो वर्षीय बेटी को 10 हजार में बेच दिया। पत्नी ने उसका विरोध किया तो उसको लाठी-डंडों से पीटा और मारपीट कर उसकी डंडे से नाक तोड़ दी। एसएसपी आफिस में मौजूद सीओ ने महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बेखौफ मनचले, छेड़छाड़ से परेशान युवती घर में कैद
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के एक कॉलोनी में छेड़छाड़ से परेशान होकर युवती ने थाने में तहरीर दी है। युवती ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि युवक जबरन साथ ले जाने का दबाव बना रहा है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। लिसाड़ी गेट के एक कालोनी निवासी युवती ने बताया की एक माह से फतेहउललापुर निवासी सुहेल परेशान कर रहा है।
घर पर आकर जबरन उसे अपने साथ ले जाने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। युवती ने बताया बुधवार को वह घर पर अकेली थी उसी दौरान सुहेल अपने दो साथियों के साथ उसके घर में घुस आया युवती का हाथ पकड़ कर खींचने लगा। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर दी।
विरोध करने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ दी तहरीर। लिसाड़ी गेट पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
युवती का पीछा करने पर सिरफिरे आशिक की धुनाई
सरधना: गुरुवार को सरधना के एक गांव में सिरफिरा आशिक युवती का पीछा करते हुए उसकी रिश्तेदारी में भी पहुंच गया। ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। बागपत जिले में समुदाय विशेष का एक युवती युवती को काफी समय से परेशान कर रहा था। परेशान युवती उससे पीछा छुड़ाने के लिए सरधना के एक गांव में स्थित अपनी रिश्तेदारी में आ गई। मगर आरोपी यहां भी आ धमका।
गुरुवार को आरोपी अपने साथी के साथ स्कूटी पर सवार होकर वहां पहुंच गया। युवती ने घर में यह बात बताई तो ग्रामीणों ने आरोपी को दबोच लिया, जबकि साथी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर धुनाई की। इसके बाद पुलिस को सूचना कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़ कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई लिखा पढ़ी नहीं हो सकी थी।
मायके से नहीं लौटी पत्नी, पति ने फांसी लगाकर दी जान
कंकरखेड़ा: पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने पर परेशान पति ने बुधवार रात कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। युवक का पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था। पत्नी बच्चों को लेकर मायके में रह रही थी। वहीं, युवक काफी समय से एक बीमारी से भी ग्रस्त था। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी पहुंचा दिया।
नंदपुरी में लगभग 47 वर्षीय दिनेश पुत्र भागचंद अपने परिवार के साथ रहता था। युवक का काफी समय से अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। जिस कारण महिला दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। युवक ने कई बार महिला को लाने का प्रयास किया था, लेकिन महिला ने घर आने के लिए मना कर दिया।
इसी बीच युवक एक गंभीर बीमारी से ग्रस्त हो गया। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह युवक काफी देर तक घर से बाहर नहीं आया तो शक हुआ। जिसके बाद पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा। युवक का शव पंखे की खुंटी से लटका हुआ था। युवक के शव को देखकर पड़ोसियों की चीख निकल गई।
पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर मोर्चरी पहुंचा दिया। कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर उत्तम सिंह राठौर का कहना है कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव मोर्चरी पहुंचा दिया गया है।

