- क्षेत्र पंचायत कांधला की विकास योजना बैठक में सहमति
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: सोमवार को खंड विकास कार्यालय प्रांगण में क्षेत्र पंचायत विकास योजना बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मौजूद ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को संबोधित करते हुए एडीओ एग्रीकल्चर कलीराम ने सोलर पंप, कृषि यंत्र और कृषि अनुदान से संबंधित जानकारी दी। सहकारिता विभाग के एडीओ धर्मेंद्र कुमार ने लोगों को नैनो यूरिया की उपलब्धता और किसान लोन के बारे में जानकारी दी। सहायक विकास अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि खंड विकास क्षेत्र में 983 स्वयं सहायता समूह के अंतर्गत 9899 महिलाएं कार्य कर रही है।
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार के द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, विकलांग पेंशन और विधवा पेंशन सहित शौचालय, जन्म मृत्यु, अमृत सरोवर तालाब का कार्य कराया जा रहा है।
अमृतसर और तालाब बनने से हमारा वाटर लेवल काफी ऊपर होगा। बैठक में सर्वसम्मति से तीन करोड़ के विकास कार्यों का बजट पास किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख डॉक्टर विनोद मलिक और संचालन खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार के द्वारा किया गया।

