जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: तीसरे टी-20 मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 234 रन बनाए। टीम के लिए शुभमन गिल ने 63 बॉल पर 126 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेली। गिल के अलावा राहुल त्रिपाठी ने 22 बॉल पर 44 और हार्दिक पंड्या ने 17 बॉल पर 30 रनों की पारी खेली। कीवी टीम के सामने जीत के लिए 235 रनों का टारगेट था, लेकिन मेहमान टीम 12.1 ओवर में 66 रन बनाकर ही ढेर हो गई।
बता दें कि इस सीरीज का पहला मैच रांची में खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने 21 रनों के अंतर से जीत दर्ज की थी। इसके बाद दूसरा मैच लखनऊ में खेला गया, जिसमें भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी।
235 रनों के टारगेट के जवाब में मेहमान न्यूजीलैंड टीम 12.1 ओवर में 66 रन बनाकर ही ढेर हो गई और यह मैच भारतीय टीम ने 168 रनों से जीत लिया।
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले को टीम इंडिया ने 168 रनों से मैच जीत लिया।
हमारी सबसे बड़ी जीत, कीवियों की सबसे बड़ी हार
यह टी-20 क्रिकेट में रन के लिहाज से भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत और न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी हार है। भारत का पिछला रिकॉर्ड 143 रन से जीत का था। टीम इंडिया ने 2018 में आयरलैंड को 143 रन से हराया। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ 2010 में 103 रन से हारी थी।
भारत ने टी-20 इंटरनेशनल में किसी टेस्ट टीम की दूसरी सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड बनाया। पहले स्थान पर श्रीलंका की टीम है। श्रीलंका ने 2007 में केन्या को 172 रन से हराया था। अगर टेस्ट न खेलने वाली टीमों के रिकॉर्ड भी शामिल करें तो टी-20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड चेक रिपब्लिक के नाम है। चेक टीम ने 2019 में तुर्किये को 257 रन से हराया था।

