- एसओ झिंझाना ने संचालकों की मीटिंग कर दिए निर्देश
जनवाणी ब्यूरो |
झिंझाना: क्षेत्र के ढाबों पर लगातर हो रही लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाए जाने के लिए पुलिस ने ढाबा संचालकों को अपने-अपने ढाबों पर सीसीटीवी लगाए जाने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की आपराधिक घटनाओें को रोका जा सके।
झिंझाना थाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर करीब दो दर्जन से अधिक ढाबे हैं। क्षेत्र के अलग-अलग ढाबों पर एक के बाद एक लूटपाट की कई घटनाएं हो चुकी। दो अलग-अलग ढाबों पर पिछले 3 दिनों में लूट की घटनाएं हुई तो एक ढाबे पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
इन आपराधिक घटनाओं को रोकने और ढाबा संचालकों को सुरक्षा देने के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक ने बुधवार को क्षेत्र के ढाबा संचालकों की मीटिंग थाना प्रागंण में बुलाई। थाना प्रभारी ने ढाबों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इन कैमरों को सुरक्षित स्थानों पर और मजबूती के साथ लगाने को कहा गया।
इसके अलावा ढाबा स्वामियों को अपने यहां रखे गए कर्मचारियों के आधार कार्ड आदि परिचय पत्र अपने पास रखकर उनका सत्यापन कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि बाल श्रमिक भी ढाबों पर नहीं होने चाहिए। किसी लूट आदि आपराधिक घटना के बारे में भी थाना प्रभारी ने सलाह दी कि रात के समय अलग-अलग स्थानों पर सोए और दो आदमी जागते रहने चाहिए। उन्होंने किसी भी आपराधिक घटना का आभास होते ही तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करने को कहा है। मीटिंग में करीब 25 से 30 ढाबा संचालक मौजूद रहे ।
बंधक बनाकर दो दिन पहले हुई थी लूट
मेरठ करनाल हाईवे पर गांव टपराना में दो दिन पूर्व खालसा पंजाबी ढाबा के कर्मचारियों को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर मारपीट कर लूटपाट की गयी थी। बदमाश कर्मचारियों को कमरे मे बंद कर फरार हो गये थे। ढाबा संचालक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन दो दिन बाद भी लूट की घटना को लेकर पुलिस के हाथ खाली है।
वहीं चार दिन पूर्व मेरठ करनाल हाईवे पर पटनी परतापुर के समीम मोनू ढाबे पर भी चाय पी रहे दो लोगों पर कर सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों ने फायरिंग करते हुए मारपीट कर घायल कर दिया था। ढाबा पर हुई घटनाओं में पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पायी है। दूसरी ओर, थाना प्रभारी ने बताया ढाबो पर हुई घटना को लेकर आरोपियों की तालाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

