- विहिप-बजरंग दल की सरकारी जमीन कब्जा हटवाने की मांग
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने नगर में सब्जी मंडी गेट के सामने बनाई जा रही एक मजार का विरोध करते हुए सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की है।
बुधवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता अपर जिला अधिकारी अरविंद कुमार सिंह से मिले। उन्होंने शामली शहर के भैंसवाल रोड पर सब्जी मंडी गेट के सामने बनाई जा रही मजार का विरोध करते हुए आरोप लगाए कि उक्त मजार सरकारी भूमि पर असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध कब्जा कर बनाई जा रही है।
आरोप लगाए कि यह अवैध मजार लैंड जिहाद का ही एक रूप है। देश में जगह-जगह इस प्रकार की पीर मजार बनाकर कब्जे करने का कार्य संप्रदाय विशेष के द्वारा किया जा रहा है। साथ ही, कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जनपद शामली का भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है इसलिए अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोक कर मजार बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करते हुए सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई जाए।
अपर जिलाधिकारी से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में नगर अध्यक्ष डा. एनपी सिंह, बजरंग दल के विभाग संयोजक विशाल निर्वाल, हिमांशु शर्मा, हर्ष संगल, अर्जुन गौतम, रजनीश चौबे, पंकज गर्ग, ललित शर्मा आदि शामिल रहे।

