- गुरुद्वारा श्रीगुरुनानक देव थल्ली साहिब में नगर कीर्तन के साथ तीन दिवसीय जोड़ मेले का भव्य शुभारंभ
जनवाणी संवाददाता |
हस्तिनापुर: गंगा किनारे स्थित किशनपुर गांव स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव थल्ली साहिब में मंगलवार को तीन दिवसीय जोड़ मेले का विशाल भव्य नगर कीर्तन के साथ शुभारंभ हो गया। नगर कीर्तन किशनपुर गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर संतपुरा, लतीफपुर और कंकरखेड़ा से होते हुए किशनपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर संपन्न हो गया।

नगर कीर्तन का कई स्थानों पर स्वागत किया गया और बीच-बीच में गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सभी को हतप्रभ कर दिया। किशनपुर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव थल्ली साहिब में नगर कीर्तन पंज प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा साहिब से शुरू हुआ। नगर कीर्तन में सबसे आगे बैंडबाजे से गुरुवाणी का पाठ किया जा रहा था। इसके पीछे गतका पार्टी करतब दिखा रहे थे।
उनके पीछे श्रद्धालु पानी का छिड़काव कर सफाई करते चल रहे थे। उनके पीछे पंज प्यारे थे। इसके पश्चात फूल मालाओं से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी थी और अंत में सैकड़ों महिला श्रद्धालु वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी दी फतेह के उद्घोष कर रही थीं। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाले गए नगर कीर्तन को संतपुरा, लतीफपुर व कंकरखेड़ा गांव से होता हुआ गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर संपन्न हुआ।

मुख्य ग्रंथी ज्ञानी सरबजीत सिंह ने बताया कि रात में कीर्तन दरबार होगा व रविवार में निशान साहिब की रस्म अदा की जाएगी। नगर मेला संयोजक दर्शन सिंह चाकर, इंद्र सिंह, प्रेम सिंह, संतोख सिंह, अतर सिह, सुरजीत सिह, सेवा सिह, गुरदास सिंह, रविंद्र सिंह, जसबीर सिंह, गुरवचन सिंह, निहाल सिंह, गुरदेव आदि रहे।
देश-विदेश से पहुंचेंगे हजारों श्रद्धालु
किशनपुर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव थल्ली साहिब आयोजित होने वाले तीन दिवसीय वार्षिक मेले में श्रद्धालुओं का जमावड़ा बनना शुरू हो गया है। मंगलवार को नगर कीर्तन से पूर्व देश विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक कर पुण्य का संचय कर नगर कीर्तन में हिस्सा लिया। मेला आयोजकों का कहना है कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु ग्रंथ साहिब पर मत्था टेक अपनी अरदास पूरी करते हैं।

