जनपद शामली की 10 में से 6 सीटें रालोद के खाते में गई
कैराना, झिंझाना और एलम समाजवादी पार्टी को मिली
थानाभवन पर आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी लड़ेंगे चुनाव
जनवाणी संवादाता |
शामली: नगर निकाय चुनाव में सपा-रालोद और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन ने प्रत्याशी घोषित करने में बाजी मार ली है। राष्ट्रीय लोकदल हाईकमान ने नगर पालिका परिषद कांधला से मिर्जा फैसल बेग तथा नगर पंचायत गढ़ीपुख़्ता से प्रमोद चौधरी और नगर पंचायत जलालाबाद से निवर्तमान चेयरमैन अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू को प्रत्याशी बनाया है।
गठबंधन के तौर पर जनपद शामली की तीन नगर पालिका परिषद तथा सात नगर पंचायतों में से नगर पालिका परिषद शामली और नगर पालिका परिषद कांधला जहां राष्ट्रीय लोकदल को मिली है, वहीं नगर पालिका परिषद कैराना समाजवादी पार्टी को दी गई है।
इसी तरह सात नगर पंचायतों में नगर पंचायत एलम तथा नगर पंचायत झिंझाना समाजवादी पार्टी तथा नगर पंचायत थानाभवन आजाद समाज पार्टी को दी गई है जबकि राष्ट्रीय लोकदल को नगर पंचायत ऊन, नगर पंचायत बनत, नगर पंचायत गढ़ीपुख़्ता तथा नगर पंचायत बनत की सीट दी गई है। संभावना है शाम तक रालोद की ओर से सभी सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे।